IPL से कमाए 200 करोड़ से ज्यादा, विज्ञापन और स्टार्टअप में भी बड़ा निवेश, जानिए कैसे बढ़ती गई महेंद्र सिंह धोनी की दौलत
रिपोर्ट्स के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी की कुल संपत्ति 1000 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जाती है। उनकी इस संपत्ति में आईपीएल से हुई कमाई का बड़ा योगदान रहा है। धोनी ने वर्ष 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ आईपीएल का सफर शुरू किया था। शुरुआती सीजन में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 6.03 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद उनकी लोकप्रियता और प्रदर्शन के साथ उनकी फीस में लगातार इजाफा हुआ। कई सीजन में उन्हें 12 से 15 करोड़ रुपये तक में रिटेन किया गया। वर्ष 2026 के आईपीएल सीजन में उन्हें 4 करोड़ रुपये में रिटेन किया गया था। उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार धोनी ने आईपीएल से अब तक 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है।
धोनी की कमाई का दूसरा बड़ा जरिया विज्ञापन और ब्रांड एंडोर्समेंट है। वह देश के सबसे लोकप्रिय सेलिब्रिटी चेहरों में शामिल हैं। ऑटोमोबाइल से लेकर बैंकिंग और फाइनेंस तक कई क्षेत्रों की कंपनियां उन्हें अपने ब्रांड से जोड़ चुकी हैं। उनकी एंडोर्समेंट सूची में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया जियोमार्ट फायर बोल्ट स्वराज ट्रैक्टर्स गल्फ ऑयल मास्टरकार्ड ओरिएंट इलेक्ट्रिक और पैनासोनिक जैसे नाम शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक धोनी एक विज्ञापन शूट के लिए करीब 4 से 6 करोड़ रुपये तक फीस लेते हैं। उनकी लोकप्रियता और भरोसेमंद छवि कंपनियों के लिए उन्हें आकर्षक ब्रांड एंबेसडर बनाती है।
क्रिकेट और विज्ञापन के अलावा धोनी ने अपने कारोबार का भी विस्तार किया है। उनका प्रोडक्शन हाउस धोनी एंटरटेनमेंट के नाम से काम करता है। इसके अलावा उन्होंने कई स्टार्टअप और कंपनियों में निवेश किया है। इनमें ब्लूस्मार्ट खाताबुक कार्स24 गरुड़ एयरोस्पेस कूकू लाइटफ्यूरी गेम्स और सुपरहेल्थ जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड सेवन की भी शुरुआत की थी। रांची में उनका माही रेजीडेंसी नाम का होटल भी है। इन कारोबारों और निवेशों के जरिए धोनी ने क्रिकेट से अलग कमाई के कई रास्ते तैयार किए हैं।
धोनी की लग्जरी लाइफस्टाइल भी अक्सर चर्चा में रहती है। रांची स्थित उनका कैलाशपति फार्महाउस कई एकड़ में फैला हुआ है। इसमें बड़ा गार्डन आधुनिक जिम स्विमिंग पूल और ट्रेनिंग के लिए खास जगह मौजूद है। इसके अलावा धोनी को महंगी कारों और बाइकों का शौक है। उनके कलेक्शन में 100 से ज्यादा मोटरसाइकिल होने की चर्चा है। यामाहा आरडी 350 डुकाटी 1098 कावासाकी निंजा एच2 और हार्ले डेविडसन फैटबॉय जैसी बाइक्स के साथ ऑडी क्यू7 फेरारी 599 जीटीओ और मर्सिडीज बेंज जीएलई जैसी लग्जरी कारें भी उनके गैराज की शान बताई जाती हैं।
इस तरह महेंद्र सिंह धोनी ने क्रिकेट की लोकप्रियता को कारोबार और निवेश की ताकत में बदलकर एक बड़ा आर्थिक साम्राज्य खड़ा किया है। आईपीएल में खिलाड़ी के तौर पर उनका सफर भले ही समाप्त हो रहा हो लेकिन सीएसके के मेंटर और कारोबारी के रूप में उनकी नई पारी जारी रहने वाली है।
