November 21, 2026

मां कांस्टेबल और बेटी बनीं फिल्म की हीरोइन, इंदौर की परिणीति अब दिखाएंगी सफाईकर्मियों की जिंदगी का अनदेखा सच

0
untitled-1795242725

इंदौर । स्वच्छता के मामले में देशभर में पहचान बना चुके इंदौर की 13 वर्षीय परिणीति चौरसिया अब बड़े पर्दे पर अपनी प्रतिभा दिखाने जा रही हैं। परिणीति फिल्म चिंदी पकड़ में अहम भूमिका निभा रही हैं। यह फिल्म सफाई मित्रों और कचरा बीनकर परिवार का गुजारा करने वाले लोगों की जिंदगी और संघर्ष को पर्दे पर उतारेगी। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें परिणीति के साथ 13 वर्षीय स्वास्तिक शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की शूटिंग पश्चिम बंगाल में करीब 60 दिनों तक चली है और इसका निर्देशन प्रसेनजीत चक्रवर्ती ने किया है।

फिल्म की कहानी केवल शहरों की साफ सड़कों और स्वच्छता अभियानों तक सीमित नहीं है बल्कि उन लोगों की जिंदगी को सामने लाती है जिनकी मेहनत से शहर साफ और सुंदर दिखाई देते हैं। फिल्म यह सवाल भी उठाती है कि दूसरों के आसपास सफाई रखने वाले सफाई मित्रों और कचरा बीनने वाले परिवारों की अपनी जिंदगी कैसी है। जिन लोगों के श्रम से शहर स्वच्छ बनते हैं उन्हें खुद किन परिस्थितियों में रहना पड़ता है और रोजमर्रा की जिंदगी में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। फिल्म इसी सामाजिक सच्चाई को भावनात्मक अंदाज में दर्शकों के सामने पेश करने की कोशिश करती है।

परिणीति ने फिल्म में मुख्य किरदार की छोटी बहन की भूमिका निभाई है। कहानी में उनकी तबीयत खराब हो जाती है और उनके इलाज के लिए बड़ी बहन को काफी संघर्ष करना पड़ता है। बड़ी बहन कचरा बीनकर पैसे जुटाती है ताकि छोटी बहन की दवाइयों और इलाज का इंतजाम हो सके। परिणीति के मुताबिक फिल्म में यह दिखाया गया है कि किस तरह एक बहन अपनी छोटी बहन को बचाने के लिए मुश्किल हालात में भी हार नहीं मानती। इस किरदार के जरिए उन्होंने उन परिवारों की परेशानियों को समझने की कोशिश की है जो आर्थिक तंगी के बीच अपनी जिंदगी गुजारते हैं।

इंदौर में रहने वाली परिणीति के लिए इस फिल्म में काम करना एक भावनात्मक अनुभव रहा। उन्होंने बताया कि

सफाई मित्र पूरे देश और शहर को साफ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं लेकिन जिन बस्तियों में वे खुद रहते हैं वहां गंदगी और सुविधाओं की कमी देखकर उन्हें काफी दुख हुआ। परिणीति का मानना है कि स्वच्छता का मतलब सिर्फ सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना नहीं है बल्कि सफाई करने वाले लोगों के जीवन को बेहतर बनाना और उन्हें सम्मान देना भी जरूरी है।

परिणीति की इस उपलब्धि के पीछे उनकी मां रीना चौरसिया का भी बड़ा योगदान है। रीना छोटी ग्वालटोली थाने में कांस्टेबल हैं। उनके मुताबिक परिणीति चार साल की उम्र से अभिनय कर रही हैं। ड्यूटी से लौटने के बाद वे खुद बेटी को अभिनय की बारीकियां सिखाती थीं। ऑडिशन के लिए कई बार उन्हें बेटी के साथ मुंबई जाना पड़ा। इस दौरान कास्टिंग के नाम पर धोखाधड़ी का सामना भी करना पड़ा लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करती रहीं। परिणीति अपनी सफलता का श्रेय मां पिता बड़ी बहन और पूरे परिवार को देती हैं।

फिल्म में काम करने को लेकर शुरुआत में परिणीति थोड़ी डरी हुई थीं लेकिन निर्देशक प्रसेनजीत चक्रवर्ती के सहयोग से उन्होंने अपना किरदार निभाया। अब वे अभिनय के क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं। फिल्म को लेकर इंदौर में भी उत्साह देखा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने परिणीति के अभिनय की सराहना करते हुए लोगों से फिल्म देखने की अपील की है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी शहरवासियों से सिनेमाघरों में पहुंचने का आग्रह किया है। 27 नवंबर को रिलीज होने वाली चिंदी पकड़ से उम्मीद है कि दर्शकों को मनोरंजन के साथ समाज के उन लोगों के संघर्ष को समझने का मौका मिलेगा जो पर्दे के पीछे रहकर शहरों को स्वच्छ बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed