November 22, 2026

युजवेंद्र चहल की राजनीति में एंट्री, BJP के OBC मोर्चा में बने विशेष आमंत्रित सदस्य

0
photo-2-1-1795321120

नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अब राजनीति की पिच पर भी कदम रख दिया है। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। पार्टी ने उन्हें OBC मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया है। चहल के साथ प्रोफेसर अद्वैत चरण गडनायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

BJP ने शनिवार को OBC मोर्चा की नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर जारी नियुक्ति सूची में चहल का नाम दिल्ली के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल किया गया है। मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य ने भी चहल की नियुक्ति की पुष्टि की है। पार्टी की ओर से घोषित सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

अमरपाल मौर्य से मुलाकात के बाद मिली जिम्मेदारी

BJP में शामिल होने और नई जिम्मेदारी मिलने से पहले चहल ने OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से जारी सूची में उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया। चहल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और अमरपाल मौर्य के प्रति आभार जताया।

OBC मोर्चा में कई नई नियुक्तियां

BJP ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में व्यापक बदलाव करते हुए 37 राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों के नाम घोषित किए हैं। इसके अलावा सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए नेताओं में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद शामिल हैं। इनके अलावा महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन सहनी को भी यह जिम्मेदारी दी गई है।

दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वहीं, राष्ट्रीय सचिवों में गुजरात के दशरथजी ठाकोर, तमिलनाडु के टी. वरथराजन, झारखंड के संजीव कुमार, हरियाणा की सरिता जांगिड़, तेलंगाना के कडागांची रमेश, मध्य प्रदेश के वैभव पंवार और बिहार के भीम कुमार साहू को शामिल किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में चहल का शानदार रिकॉर्ड

युजवेंद्र चहल ने 2016 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उन्होंने अब तक 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 96 विकेट हासिल किए हैं। साल 2017 में बेंगलुरु में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 25 रन देकर छह विकेट झटके थे। इसके साथ ही वह पुरुष टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पांच या उससे अधिक विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने थे।

2019 के वनडे विश्व कप में चहल ने आठ मैचों में 12 विकेट लिए थे। वह 2024 में टी-20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। IPL में वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की ओर से खेल चुके हैं।

साल 2023 में चहल ने ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ते हुए IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके बाद 2024 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वह इस लीग में 200 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बने।

T20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय

राजनीति में कदम रखने से पहले चहल ने टी-20 क्रिकेट में भी एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह इस प्रारूप में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बने। उन्होंने यह मुकाम सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए हासिल किया।

18 नवंबर को इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर तमिलनाडु के खिलाफ मुकाबले में चहल ने अमित सात्विक को बोल्ड कर अपना 400वां विकेट पूरा किया। इसके बाद उन्होंने आर. साई किशोर और मणिमारन सिद्धार्थ को भी पवेलियन भेजा। मैच में उन्होंने चार ओवर में 16 रन देकर तीन विकेट लिए। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले उनके नाम टी-20 क्रिकेट में 396 विकेट दर्ज थे।

अक्टूबर 2026 में चहल ने 49 मैचों में 148 विकेट लेने के बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लिया था। हालांकि, उन्होंने उस समय साफ किया था कि वनडे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम की ओर से दोबारा खेलने की उम्मीद अब भी बरकरार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed