November 22, 2026

'मेरी हत्या कराई जा सकती है', कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने राज्यपाल को लिखा पत्र, मांगी सुरक्षा

0
photo-3-1-1795322069

देहरादून । उत्तराखंड में कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने अपनी जान को खतरा बताते हुए राज्यपाल को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है। धारचूला से विधायक धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर गंभीर आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि उनकी हत्या कराई जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को बदलने के बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

हरीश धामी के इस पत्र के सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विधायक का आरोप है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर उनकी सुरक्षा में तैनात गनर को बदल दिया गया है। उनका दावा है कि नए गनर के माध्यम से उनकी हर गतिविधि की जानकारी सरकार तक पहुंचाई जा रही है। धामी ने इसे अपनी सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की है।

राज्यपाल को भेजे पत्र में कांग्रेस विधायक ने अपनी हत्या की आशंका भी जताई है। उन्होंने कहा है कि मौजूदा परिस्थितियों में उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता है। हालांकि, उनके आरोपों पर मुख्यमंत्री कार्यालय और भाजपा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सरकार का पक्ष सामने आने के बाद ही इस मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

जौलजीबी मेले में भी हुआ था विवाद

हरीश धामी इससे पहले भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लेकर दिए गए बयानों और सार्वजनिक कार्यक्रम में हुए विवाद के कारण चर्चा में आए थे। 14 नवंबर को पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुख्यमंत्री से नाराजगी सामने आई थी। उस समय धामी कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया था कि उन्हें मंच पर बोलने का अवसर नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज होकर उन्होंने मंच पर माइक फेंक दिया था। इसके बाद साउंड सिस्टम से जुड़े कर्मचारियों के साथ उनकी तीखी बहस हुई। उनके समर्थकों ने भी हंगामा किया, जिसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस को स्थिति संभालनी पड़ी।

इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस दौरान हरीश धामी ने मुख्यमंत्री को ‘कायर धामी’ कहते हुए उन्हें धारचूला से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। भाजपा के जिला मंत्री रघुवीर सिंह ने भी विधायक के इस व्यवहार की आलोचना की थी।

अब राज्यपाल को लिखे पत्र में जान का खतरा जताने और सुरक्षा की मांग करने के बाद यह विवाद एक बार फिर उत्तराखंड की राजनीति के केंद्र में आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed