November 27, 2026

जिस CEC के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन उसी के साथ फोटो: अजय सिंह बोले मुझे नहीं पता था ये ज्ञानेश कुमार हैं

0
untitled-1795759379

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ कांग्रेस नेता अजय सिंह की एक तस्वीर सामने आने के बाद सियासी विवाद खड़ा हो गया है। जिस ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पिछले दो महीनों से देशभर में विरोध प्रदर्शन कर रही है और उन पर वोट चोरी तथा SIR प्रक्रिया में पक्षपात जैसे गंभीर आरोप लगा रही है उसी मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ अजय सिंह की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। खास बात यह है कि तस्वीर खुद अजय सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट की थी। जब मीडिया ने उनसे इस तस्वीर को लेकर सवाल किया तो अजय सिंह ने कहा कि उन्हें पता ही नहीं था कि तस्वीर में उनके साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं।

दरअसल 23 नवंबर को इकोनॉमिक ऑफेंस विंग यानी EOW के डीजी उपेंद्र जैन के बेटे दिव्यांशु की शादी का रिसेप्शन आयोजित किया गया था। इस समारोह में कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के कई बड़े नेता शामिल हुए थे। इसी कार्यक्रम में अजय सिंह की मुलाकात कई लोगों से हुई और उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर तथा अन्य लोगों के साथ तस्वीर खिंचवाई। इसी तस्वीर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भी नजर आ रहे हैं। बाद में अजय सिंह ने समारोह की तस्वीरें अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर दीं।

तस्वीर सामने आने के बाद जब उनसे सवाल किया गया कि कांग्रेस जिस व्यक्ति के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है उसके साथ उन्होंने तस्वीर क्यों खिंचवाई तो अजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि साथ खड़े व्यक्ति ज्ञानेश कुमार हैं। उनका कहना था कि शादी समारोह में कई लोग मौजूद थे और किसी ने उनका परिचय नहीं कराया था। अजय सिंह ने यह भी कहा कि वे वहां अपने पुराने परिचित और EOW के डीजी उपेंद्र जैन के परिवार के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने बताया कि उपेंद्र जैन की पहली पोस्टिंग सीधी जिले में हुई थी और इसी पुराने संबंध के कारण वे शादी समारोह में पहुंचे थे।

अजय सिंह ने अपनी सफाई में यह भी कहा कि शादी का माहौल था और वहां खड़े हर व्यक्ति से यह पूछना संभव नहीं था कि वह कौन है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि उस दिन वे यह पूछने नहीं बैठे थे कि सामने खड़ा व्यक्ति ज्ञानेश कुमार है या अमित शाह। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस की ओर से ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जो राजनीतिक विरोध चल रहा है उसमें उनकी स्थिति भी स्पष्ट है। अजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा दें और पार्टी उनके इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन भी कर चुकी है। ऐसे में उनके साथ राजनीतिक बातचीत करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।

इस पूरे घटनाक्रम में यह बात भी चर्चा में है कि EOW के डीजी उपेंद्र जैन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के बीच पारिवारिक रिश्ता है। ज्ञानेश कुमार उपेंद्र जैन के बहनोई बताए गए हैं। इसी वजह से दोनों परिवारों के कार्यक्रम में राजनीतिक दलों के कई नेता एक साथ नजर आए। शादी समारोह में कांग्रेस की ओर से अजय सिंह के अलावा कमलेश्वर पटेल और महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया भी मौजूद थीं। वहीं भाजपा की ओर से विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सांसद आलोक शर्मा कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह राहुल कोठारी गोविंद सिंह राजपूत यशोधरा राजे सिंधिया और डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई नेता पहुंचे थे।

इधर ज्ञानेश कुमार के भोपाल दौरे को लेकर भी कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया था। वे 23 नवंबर को भोपाल पहुंचे थे और 25 नवंबर को दिल्ली रवाना हुए। उनके भोपाल से जाने के करीब सवा आठ घंटे बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर उनका पुतला जलाया था। ऐसे में अब अजय सिंह की शादी समारोह वाली तस्वीर ने कांग्रेस की सियासत में नया सवाल खड़ा कर दिया है और उनके स्पष्टीकरण के बाद भी यह तस्वीर राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed