भोपाल में खिताब की ओर बढ़ेगी भारतीय बेटियां: मलेशिया से सेमीफाइनल मुकाबला जीतते ही फाइनल में होगी एंट्री
मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और संतुलित खेल दिखाया है। भारत ने पांच मैचों में कुल 23 गोल किए हैं जबकि विपक्षी टीमों को सिर्फ चार गोल करने दिए हैं। भारतीय टीम का गोल अंतर प्लस 19 रहा है जो उसकी मजबूत आक्रामक क्षमता और बेहतरीन डिफेंस दोनों को दर्शाता है। टीम के प्रदर्शन का असर एफआईएच रैंकिंग में भी देखने को मिला है और भारतीय महिला हॉकी टीम ऐतिहासिक रूप से चौथे स्थान तक पहुंच चुकी है।
भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन में फारवर्ड खिलाड़ी दीपिका की भूमिका सबसे अहम रही है। दीपिका अब तक आठ गोल कर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनी हुई हैं। उन्होंने थाईलैंड और चीन के खिलाफ हैट्रिक लगाकर अपनी गोल करने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि भारतीय टीम केवल दीपिका पर निर्भर नहीं है। लालरेमसियामी नवनीत कौर मुमताज खान नेहा साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी अलग अलग मुकाबलों में टीम के लिए अहम योगदान दिया है। मिडफील्ड में नवनीत कौर लगातार मौके बनाने और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं जबकि कप्तान सलीमा टेटे की कप्तानी मूवमेंट और पासिंग टीम को मजबूती दे रही है।
अब सेमीफाइनल में भारत की कोशिश शुरुआत से ही मलेशिया पर दबाव बनाने की होगी। भारतीय टीम मिडफील्ड पर नियंत्रण रखते हुए लगातार हमले करना चाहेगी। पेनल्टी कॉर्नर भी मुकाबले का बड़ा हथियार साबित हो सकता है। हालांकि नॉकआउट मुकाबले में मलेशिया को हल्के में लेना भारत के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
मलेशिया ने लीग चरण में सात अंक हासिल कर चौथा स्थान पाया है। टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ खेला था जबकि दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया। अपने आखिरी लीग मुकाबले में मलेशिया ने थाईलैंड को 4-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले की खास बात यह रही कि मलेशिया ने आखिरी छह मिनट में चारों गोल दागे। इससे साफ है कि टीम मैच के अंतिम क्षणों तक वापसी करने की क्षमता रखती है। मलेशिया की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली चार गोल के साथ प्रमुख स्कोरर हैं। भारतीय डिफेंस को उनके अलावा नूर अजार अजमीरा अजैरी सिटी मोहम्मद और नूरमैजातुल स्याफी से भी सतर्क रहना होगा।
भारत और मलेशिया का इस टूर्नामेंट में पहले भी सामना हो चुका है। 19 नवंबर को लीग मुकाबले में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। अब सेमीफाइनल में भारतीय टीम उसी प्रदर्शन को दोहराकर फाइनल का टिकट हासिल करना चाहेगी। भारत ने इससे पहले 2016 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता है। तीन खिताब के साथ भारत दक्षिण कोरिया के बराबर है। भोपाल में चौथी बार ट्रॉफी जीतते ही भारतीय महिला टीम इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बन जाएगी।
