भोपाल में सीमेंट फैक्ट्री को लेकर बड़ा बवाल! ग्रामीणों ने निकाला मशाल जुलूस अब स्टेट हाईवे पर चक्काजाम की तैयारी
प्रस्तावित सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता भोजताल का कैचमेंट एरिया है। ग्रामीणों का दावा है कि फैक्ट्री स्थापित करने के लिए जिस स्थान को चुना गया है वह भोजताल के जलग्रहण क्षेत्र में आता है। ऐसे में फैक्ट्री से निकलने वाले रासायनिक पदार्थ और औद्योगिक अपशिष्ट के कारण जल स्रोतों के दूषित होने की आशंका है। जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनिल हाड़ा के मुताबिक फैक्ट्री शुरू होने के बाद क्षेत्र में कई तरह की पर्यावरणीय समस्याएं पैदा हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि सीमेंट निर्माण के दौरान निकलने वाली धूल आसपास के गांवों में फैल सकती है जिससे लोगों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
ग्रामीणों को केवल वायु प्रदूषण ही नहीं बल्कि भूजल के अत्यधिक दोहन की भी चिंता सता रही है। उनका कहना है कि सीमेंट फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत पड़ सकती है। इससे पहले से खेती और घरेलू जरूरतों के लिए भूजल पर निर्भर किसानों के सामने संकट खड़ा हो सकता है। यदि भूजल स्तर लगातार नीचे जाता है तो सिंचाई प्रभावित होगी और किसानों की फसलों पर भी इसका असर पड़ सकता है। ग्रामीणों का आरोप है कि फैक्ट्री लगने से आसपास की कृषि भूमि की गुणवत्ता भी प्रभावित होने का खतरा है।
विरोध को व्यापक रूप देने के लिए ग्रामीण पहले ही मशाल जुलूस निकाल चुके हैं। गुरुवार रात बड़ी संख्या में लोगों ने एकत्रित होकर प्रस्तावित फैक्ट्री के खिलाफ प्रदर्शन किया था। अब शनिवार को चक्काजाम की चेतावनी देकर आंदोलन को और तेज करने की तैयारी है। चक्काजाम को लेकर संघर्ष समिति की ओर से पोस्टर भी जारी किया गया है। इसमें आसपास के गांवों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विरोध दर्ज कराने की अपील की गई है।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यह आंदोलन किसी एक गांव की समस्या नहीं है बल्कि पूरे क्षेत्र के पर्यावरण और जनजीवन से जुड़ा मुद्दा है। प्रस्तावित फैक्ट्री का असर फंदाकलां फंदाखुर्द बरखेड़ी मजीदगढ़ गौर धतूरिया कोलुआ इमलिया इटावरा खजूरी बागरोद बरखेड़ा बम्होरी खामखेड़ा बरई पिपलिया पथरिया मंडोरी गुनगा सलैया नीलबड़ रातीबड़ खजूरी सड़क रासलाखेड़ी बागली सेमरी बोरदा खजूरी कलां टीटोदा और दीपड़ी सहित दर्जनों गांवों पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि उनका विरोध शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा लेकिन वे किसी भी कीमत पर क्षेत्र में फैक्ट्री स्थापित नहीं होने देना चाहते। उनकी मांग है कि प्रस्तावित स्थल पर फैक्ट्री लगाने की अनुमति नहीं दी जाए और पर्यावरण तथा जल स्रोतों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की गंभीरता से जांच कराई जाए। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के विरोध और चक्काजाम की चेतावनी के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
