November 28, 2026

MP में सरकारी नौकरी की तैयारी करने वालों को बड़ी राहत! अब प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म खुद भरेंगे राशन पेंशन और स्कॉलरशिप के लिए भी एक ही लॉगइन

0
untitled-1795846967

भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी सेवाओं का लाभ लेने वाले नागरिकों के लिए आने वाले दिनों में बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन से लेकर राशन पेंशन और स्कॉलरशिप जैसी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार अलग-अलग पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने और लंबी जानकारी भरने की परेशानी कम होगी। प्रदेश में जन परिचय-मेरी पहचान यानी नेशनल सिंगल साइन-ऑन सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है। इस व्यवस्था के तहत नागरिकों को एक ही लॉगइन के जरिए 22 हजार से ज्यादा सरकारी सेवाओं तक पहुंच मिल सकेगी। सबसे खास बात यह है कि एक बार डिजिटल प्रोफाइल तैयार होने और पहचान सत्यापित होने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं के आवेदन फॉर्म में नाम जन्मतिथि फोटो और दूसरी जरूरी जानकारियां अपने आप भर सकेंगी।

अभी तक सरकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं के लिए नागरिकों को अलग-अलग वेबसाइट पर अकाउंट बनाना पड़ता है। किसी पोर्टल का पासवर्ड अलग होता है तो किसी के लिए अलग मोबाइल नंबर और ओटीपी की जरूरत पड़ती है। कई बार पासवर्ड भूलने या दस्तावेजों की जानकारी दोबारा भरने के कारण लोगों को परेशानी होती है। इसी समस्या को दूर करने के लिए केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत होल ऑफ गवर्नमेंट अप्रोच पर आधारित यह व्यवस्था तैयार की गई है। इसके जरिए अलग-अलग सरकारी विभागों की सेवाओं को एक साझा डिजिटल पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

नेशनल इन्फॉर्मेटिक्स सेंटर यानी NIC मध्यप्रदेश के स्टेट इन्फॉर्मेशन ऑफिसर सुनील जैन के मुताबिक इस व्यवस्था से नागरिक एक ही अकाउंट के माध्यम से पीडीएस यानी सार्वजनिक वितरण प्रणाली आवास योजना मनरेगा पेंशन और स्कॉलरशिप जैसी सेवाओं का इस्तेमाल कर सकेंगे। मध्यप्रदेश का समग्र पोर्टल परिवहन विभाग नगरीय निकाय और पंचायतों से जुड़ी सेवाओं को भी इससे जोड़ा जाएगा। इसके बाद नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स जमा करने के लिए भी अलग-अलग लॉगइन बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

इस परियोजना की शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर पंचायत दर्पण पोर्टल को जोड़कर की गई है। इसके माध्यम से पंचायतों के कामकाज के अलावा नागरिक प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स जैसी सुविधाओं का उपयोग करते हैं। भोपाल में आयोजित कार्यशाला के बाद लक्ष्य रखा गया है कि अगले एक महीने में प्रदेश सरकार के सभी नागरिक केंद्रित पोर्टल और मोबाइल ऐप को इस व्यवस्था से जोड़ दिया जाए। आगे किसान पंजीयन और अन्य विभागीय सेवाओं को भी एकीकृत करने की तैयारी है।

इस सिस्टम का इस्तेमाल करने के लिए नागरिक मोबाइल नंबर और ईमेल पर आने वाले ओटीपी के जरिए सामान्य अकाउंट बना सकेंगे। वहीं वित्तीय लेनदेन और निजी दस्तावेजों से जुड़ी सेवाओं के लिए आधार पैन कार्ड ड्राइविंग लाइसेंस या डिजिलॉकर के माध्यम से ई-केवाईसी करानी होगी। पहचान सत्यापित होने के बाद तैयार डिजिटल प्रोफाइल का उपयोग संबंधित सरकारी सेवाओं में किया जा सकेगा। इससे बार-बार व्यक्तिगत जानकारी दर्ज करने और दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत कम होगी।

डेटा सुरक्षा को लेकर भी व्यवस्था में विशेष प्रावधान किए गए हैं। सुनील जैन के अनुसार प्लेटफॉर्म पर साझा होने वाली जानकारियां एन्क्रिप्टेड रहेंगी और किसी विभाग के साथ निजी जानकारी साझा करने से पहले नागरिक की सहमति जरूरी होगी। अनजान डिवाइस या लोकेशन से लॉगइन की कोशिश होने पर ईमेल अलर्ट भी मिलेगा। नागरिक अपने डैशबोर्ड पर संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी देख सकेंगे।

जन परिचय प्लेटफॉर्म देशभर में 83 करोड़ से ज्यादा यूजर्स से जुड़ चुका है और इस पर प्रतिदिन 170 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन होने की जानकारी दी गई है। यह सुविधा हिंदी और अंग्रेजी सहित सात भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। मध्यप्रदेश में इसका विस्तार होने के बाद सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान बनाने और आवेदन प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed