देवउठनी एकादशी के बाद ही क्यों गूंजती है शहनाई, क्या है चातुर्मास में शादी पर रोक की धार्मिक और वैज्ञानिक वजह
वाराणसी के ज्योतिषाचार्य वेद प्रकाश मिश्रा के अनुसार चातुर्मास को जप तप साधना और व्रत के लिए विशेष समय माना गया है। इस दौरान साधु-संत एक ही स्थान पर रहकर भगवान का ध्यान करते हैं और धार्मिक प्रवचन के माध्यम से लोगों को धर्म और अध्यात्म का संदेश देते हैं। मान्यता के अनुसार भगवान विष्णु के योग निद्रा में रहने के कारण इस अवधि में शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते। गृह प्रवेश और अन्य बड़े शुभ आयोजनों को भी टाल दिया जाता है। चातुर्मास के दौरान भक्त पूजा-पाठ और धार्मिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान देते हैं।
इस परंपरा के पीछे धार्मिक मान्यताओं के साथ एक व्यावहारिक वजह भी बताई जाती है। प्राचीन समय में आवागमन के साधन सीमित हुआ करते थे। वर्षा ऋतु में रास्ते खराब हो जाते थे और कई जगहों पर जलभराव के कारण यात्रा करना मुश्किल हो जाता था। ऐसे में शादी-विवाह जैसे बड़े आयोजन करना और मेहमानों का एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचना काफी कठिन होता था। इसी कारण वर्षा ऋतु के चार महीनों में बड़े मांगलिक आयोजनों से परहेज किया जाता था। लोग अपने घरों में रहकर पूजा-पाठ और साधना करते थे। समय के साथ यह व्यवस्था धार्मिक परंपरा का हिस्सा बन गई और आज भी हिंदू परिवारों में इसका पालन किया जाता है।
देवउठनी एकादशी से जुड़ी एक पौराणिक कथा भी प्रचलित है। कथा के अनुसार भगवान विष्णु ने शंखासुर नाम के असुर का वध किया था। इसके बाद भगवान विष्णु योग निद्रा में चले गए। मान्यता है कि उनके चार महीने तक निद्रा में रहने के कारण संसार में मांगलिक कार्यों पर विराम लग गया। इस दौरान देवताओं और भक्तों ने भगवान विष्णु की आराधना की। इसके बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी के दिन भगवान विष्णु योग निद्रा से जागे। उनके जागने के साथ ही शुभ कार्यों की शुरुआत का मार्ग खुल गया। इसी धार्मिक विश्वास के कारण इस तिथि को देवउठनी एकादशी के नाम से जाना जाता है।
इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। भक्त व्रत रखते हैं और घरों तथा मंदिरों में भगवान को जगाने की परंपरा निभाते हैं। कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु की आराधना करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। भक्त भगवान से परिवार की उन्नति और मंगल की कामना करते हैं।
देवउठनी एकादशी का महत्व केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है बल्कि यह भारतीय धार्मिक और सामाजिक परंपराओं से भी गहराई से जुड़ी हुई है। चातुर्मास के दौरान जहां लोग साधना और संयम को महत्व देते हैं वहीं देवउठनी एकादशी के बाद विवाह और दूसरे शुभ आयोजनों की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। यही वजह है कि इस दिन के बाद शादी-विवाह के मुहूर्त का इंतजार कर रहे परिवारों में भी उत्साह बढ़ जाता है। इस तरह देवउठनी एकादशी धार्मिक आस्था के साथ नए मांगलिक कार्यों की शुरुआत का प्रतीक मानी जाती है।
