धरती से 26 अरब किलोमीटर दूर पहुंचा इंसान का दूत, अंतरिक्ष में गूंज रही भारत की आवाज, नासा के वॉयजर-1 ने रचा इतिहास
वॉयजर-1 को 5 सितंबर 1977 को नासा ने अंतरिक्ष में रवाना किया था। इसके जुड़वां यान वॉयजर-2 को इससे पहले 20 अगस्त 1977 को लॉन्च किया गया था। इन दोनों यानों का शुरुआती उद्देश्य सौरमंडल के बाहरी ग्रहों का अध्ययन करना था लेकिन समय के साथ इनका मिशन अंतरतारकीय अंतरिक्ष तक पहुंच गया। वॉयजर-1 ने बृहस्पति और शनि ग्रह के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। इसने बृहस्पति के आसपास एक पतले छल्ले और उसके दो नए चंद्रमाओं थीबे तथा मेटिस की खोज में योगदान दिया। वहीं शनि के पास पांच नए चंद्रमाओं और जी-रिंग नामक छल्ले की जानकारी भी सामने आई।
वॉयजर-1 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक हेलियोस्फीयर को पार करना है। हेलियोस्फीयर सूर्य से निकलने वाली सौर हवा और उसके चुंबकीय प्रभाव से बना विशाल क्षेत्र है। इसके बाहर अंतरतारकीय अंतरिक्ष शुरू होता है जहां दूसरे तारों और ब्रह्मांडीय कणों का प्रभाव महत्वपूर्ण हो जाता है। वॉयजर-1 इस सीमा को पार करने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना। इसके उपकरणों से मिलने वाले आंकड़े वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद कर रहे हैं कि सूर्य का प्रभाव कितनी दूर तक फैला है और उसके बाहर अंतरिक्ष का वातावरण कैसा है।
इस मिशन से जुड़ी सबसे दिलचस्प चीज गोल्डन रिकॉर्ड है। वॉयजर-1 और वॉयजर-2 दोनों के साथ सोने की परत चढ़ी तांबे की डिस्क भेजी गई है। इसमें पृथ्वी की प्राकृतिक आवाजें संगीत अलग-अलग भाषाओं में अभिवादन और मानव जीवन से जुड़ी तस्वीरों व जानकारियों को रिकॉर्ड किया गया है। इसका उद्देश्य किसी संभावित बाहरी सभ्यता को पृथ्वी और इंसानों की पहचान से परिचित कराना है। इस रिकॉर्ड में भारत की प्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका केसरबाई केरकर की राग भैरवी की प्रस्तुति भी शामिल है। इसके अलावा 10 भारतीय भाषाओं में अभिवादन के संदेश दर्ज हैं। इस तरह भारत की सांस्कृतिक विरासत भी मानवता के इस अनोखे अंतरिक्ष संदेश का हिस्सा बन गई है।
वैज्ञानिकों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सूर्य का प्रभाव वास्तव में कहां तक फैला हुआ है। नासा की वॉयजर परियोजना से जुड़ी वैज्ञानिकों का मानना है कि यान के उपकरण सूर्य से निकलने वाले तूफानों और कोरोनल मास इजेक्शन के प्रभाव को इतनी दूर से भी दर्ज कर रहे हैं। इन आंकड़ों से सूर्य की वास्तविक सीमा और तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष की प्रकृति को समझने में मदद मिल सकती है। वॉयजर-1 ने यह भी दिखाया है कि अंतरिक्ष पूरी तरह खाली और शांत नहीं है। यहां प्लाज्मा और सौर विस्फोटों से पैदा होने वाली शॉक वेव्स जैसी घटनाएं मौजूद हैं।
हालांकि अब इस ऐतिहासिक मिशन के सामने ऊर्जा की चुनौती खड़ी हो गई है। दोनों यान परमाणु ऊर्जा आधारित सिस्टम से बिजली प्राप्त करते हैं लेकिन समय के साथ उनकी ऊर्जा उत्पादन क्षमता घट रही है। बिजली बचाने के लिए नासा ने इनके कई उपकरण बंद कर दिए हैं। वॉयजर-1 के कैमरे भी अब काम नहीं कर रहे हैं। वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि सीमित ऊर्जा के बावजूद ये यान अगले तीन से चार साल तक पृथ्वी से संपर्क बनाए रख सकते हैं।
वॉयजर-1 की यात्रा ने अंतरिक्ष विज्ञान को केवल नई जानकारियां ही नहीं दीं बल्कि दशकों तक चलने वाले मिशन संचालित करने का अनुभव भी दिया है। वैज्ञानिकों ने दूर बैठे यान के सॉफ्टवेयर में बदलाव करने और कठिन परिस्थितियों में उपकरणों को चालू रखने की तकनीक सीखी है। दूसरी ओर वॉयजर-2 पायनियर-10 और पायनियर-11 जैसे दूसरे यान भी सौरमंडल के बाहरी क्षेत्रों की यात्रा कर चुके हैं या कर रहे हैं। न्यू होराइजन्स भी नेपच्यून की कक्षा से आगे स्थित कुइपर बेल्ट में अध्ययन कर रहा है। वॉयजर-1 की यह उपलब्धि इंसान को याद दिलाती है कि पृथ्वी से निकली एक छोटी सी मशीन भी ब्रह्मांड की विशालता में दशकों तक नए सवालों के जवाब तलाश सकती है।
