November 19, 2026

सलमान खान के गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' पर भड़कीं सोना मोहपात्रा, 10 साल पुराना विवाद याद कर परिवार को मिली धमकियों का किया खुलासा

0
3-1794985500
नई दिल्ली ।बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि’ का गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज होने के बाद चर्चा में आ गया है। इस गाने को सलमान खान ने अपनी आवाज दी है। अब गायिका सोना मोहपात्रा ने इस गाने को लेकर नाराजगी जाहिर की है और अभिनेता पर तंज कसा है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर सलमान खान के साथ करीब 10 साल पहले हुए विवाद को भी याद किया। सोना ने बताया कि वर्ष 2016 में सलमान के एक बयान की आलोचना करने के बाद उन्हें किस तरह ऑनलाइन ट्रोलिंग, अश्लील टिप्पणियों और गंभीर धमकियों का सामना करना पड़ा था। उन्होंने यह भी कहा कि उस दौरान उनकी मां और परिवार के सदस्यों को भी निशाना बनाया गया था।

‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ गाने पर उठाए सवाल

सोना मोहपात्रा ने अपने वीडियो में सलमान खान के नए गाने का जिक्र करते हुए व्यंग्यात्मक अंदाज में सवाल उठाया कि क्या वह ऐसी रचनात्मक दुनिया को मिस कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उन्हें सलमान का यह गाना दिखाई दिया। उनके मुताबिक, यह फिल्म कथित तौर पर देश के सैनिकों के बलिदान से प्रेरित है, लेकिन गाने में अभिनेता दो पेग पीने और हवाई जहाज बनने जैसी बातें करते नजर आते हैं।

सोना ने इस गाने को लेकर अपनी असहमति जाहिर करते हुए कहा कि इसे देखने के बाद उन्हें पुरानी घटनाएं याद आ गईं। उन्होंने अपने वीडियो में यह भी सवाल किया कि क्या उन्होंने इस तरह के गाने नहीं गाकर अपने करियर में कुछ खो दिया है। उनके इस बयान को सलमान खान के काम और उनके प्रति फिल्म इंडस्ट्री में दिखाई जाने वाली सहानुभूति पर टिप्पणी के रूप में देखा जा रहा है।

2016 में सलमान के बयान पर जताई थी आपत्ति

सोना ने वीडियो में बताया कि वर्ष 2026 उनके पेशेवर संगीत करियर का 20वां साल है। इस दौरान उन्होंने अपने करियर के महत्वपूर्ण पड़ावों का जिक्र किया और कहा कि वर्ष 2016 उनके लिए काफी मुश्किल रहा था। उस समय उन्होंने सलमान खान के एक विवादित बयान की आलोचना की थी। सलमान ने अपनी फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थकान की तुलना रेप पीड़िता की स्थिति से की थी। सोना को अभिनेता की यह टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक लगी थी और उन्होंने सार्वजनिक रूप से इसका विरोध किया था।

सोना के अनुसार, इस बयान के खिलाफ बोलने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर बड़े स्तर पर निशाना बनाया गया। उन्हें गैंगरेप की धमकियां दी गईं और उनकी अश्लील तरीके से मॉर्फ की गई तस्वीरें इंटरनेट पर साझा की गईं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार और मां को भी गंदी गालियां दी गईं तथा धमकियां दी गईं। मामला इतना गंभीर हो गया था कि उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज करानी पड़ी।

2019 में प्रियंका चोपड़ा के समर्थन में भी बोली थीं

सोना ने वर्ष 2019 की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जब सलमान खान ने अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के फिल्म छोड़कर शादी करने के फैसले का मजाक उड़ाया था, तब भी उन्होंने अभिनेता की आलोचना की थी। सोना के मुताबिक, उस दौरान भी उन्हें धमकियों का सामना करना पड़ा था।

उन्होंने कहा कि कई वर्षों तक लोगों ने उनसे सहानुभूति जताते हुए कहा कि यदि उन्होंने सलमान खान के खिलाफ आवाज नहीं उठाई होती तो उनका करियर और बेहतर हो सकता था। सोना ने ऐसे लोगों को जवाब देते हुए कहा कि उन्हें अपने करियर की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वह अपनी शर्तों पर काम कर रही हैं और अपने पेशेवर जीवन में कई उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं।

किसके करियर को सहानुभूति की जरूरत?

वीडियो के अंत में सोना ने अपने करियर और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए सलमान खान पर एक और तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि पिछले 10 वर्षों की घटनाओं को देखते हुए वास्तव में किसके करियर को सहानुभूति की जरूरत है। उनका यह बयान एक बार फिर दोनों कलाकारों के बीच पुराने विवाद को चर्चा में ले आया है। फिलहाल ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ गाने को लेकर सोना की टिप्पणी ने मनोरंजन जगत में नई बहस शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed