November 19, 2026

सूरज बड़जात्या ने क्यों नहीं बनाई एक्शन फिल्में? बोले- अब तो मन करता है फिल्मों में मारधाड़ होनी ही नहीं चाहिए..

0
4-1794985633
नई दिल्ली ।बॉलीवुड में पारिवारिक फिल्मों को एक अलग पहचान दिलाने वाले निर्देशक सूरज बड़जात्या ने अपने फिल्मी सफर और सिनेमा को लेकर अपनी सोच साझा की है। करीब 38 साल के करियर में उन्होंने केवल आठ फिल्मों का निर्देशन किया है और उनकी ज्यादातर फिल्में पारिवारिक रिश्तों, प्यार, भावनाओं और भारतीय परिवारों की परंपराओं के इर्द-गिर्द रही हैं। उनकी पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ वर्ष 1989 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने सलमान खान को बतौर लीड अभिनेता बड़ी पहचान दिलाई थी। अब सूरज बड़जात्या ने बताया है कि उन्होंने अपने लंबे करियर में एक्शन फिल्मों का निर्देशन क्यों नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि वह भविष्य में भी पारिवारिक कहानियों पर आधारित फिल्में बनाना चाहते हैं।

दर्शकों को हर तरह की फिल्में पसंद आती हैं

सूरज बड़जात्या से बातचीत के दौरान पूछा गया कि आजकल अभिनेता एक्शन फिल्मों की ओर ज्यादा आकर्षित हो रहे हैं और दर्शक भी बड़े पर्दे पर मारधाड़ वाली फिल्मों को पसंद कर रहे हैं। ऐसे समय में क्या पारिवारिक फिल्में दर्शकों को सिनेमाघरों तक लाने में सफल हो पाएंगी?

इस सवाल पर निर्देशक ने कहा कि यह सवाल उनसे उनकी पहली फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के समय से पूछा जाता रहा है। उनके मुताबिक, दर्शकों को हर तरह का मनोरंजन चाहिए होता है। जिस तरह खाने की थाली में अलग-अलग व्यंजन होते हैं, उसी तरह दर्शक भी सिनेमा में अलग-अलग तरह की कहानियां देखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि फिलहाल एक्शन फिल्मों का दौर चल रहा है, लेकिन उन्हें लगता है कि समय के साथ दर्शकों की पसंद फिर बदल रही है। इसका उदाहरण देते हुए उन्होंने ‘हनुमान अंश नहीं’ और ‘मैं वापस आऊंगा’ जैसी फिल्मों का जिक्र किया। उनके अनुसार, दर्शकों को सरल और सहज कहानियां भी पसंद आती हैं। हर फिल्म में बड़े स्तर का एक्शन या जटिल कहानी होना जरूरी नहीं है।

‘ये प्रेम मोल लिया’ के प्रोमो को मिला प्यार

सूरज बड़जात्या ने अपनी आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म के पांच मिनट के प्रोमो को दर्शकों से अच्छा प्यार मिला। इस प्रोमो में टाइटल सॉन्ग भी शामिल था। उन्होंने कहा कि इसे न तो बहुत जटिल बनाया गया था और न ही जरूरत से ज्यादा व्यावसायिक अंदाज दिया गया था। इसके बावजूद दर्शकों ने इसे पसंद किया।

निर्देशक का मानना है कि फिल्म चाहे किसी भी शैली की हो, अगर उसकी कहानी अच्छी है और उसमें दर्शकों के लिए पूरा मनोरंजन मौजूद है तो उसे पसंद किया जा सकता है। उनके मुताबिक, किसी एक फिल्मी शैली का दौर हमेशा नहीं रहता। समय के साथ दर्शकों की पसंद में बदलाव आता रहता है।

इसलिए एक्शन फिल्मों से बनाई दूरी

जब सूरज बड़जात्या से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में कभी एक्शन फिल्म का निर्देशन करना चाहेंगे, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि अगर उन्हें यह शैली आती तो वह जरूर फिल्म बनाते। उन्होंने बताया कि उन्होंने फिल्मों में एक्शन करने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें महसूस हुआ कि यह उनका मजबूत क्षेत्र नहीं है।

उनके मुताबिक, हर फिल्ममेकर की अपनी एक खास शैली और रचनात्मक पहचान होती है। जरूरी नहीं कि हर निर्देशक हर तरह की फिल्म बनाने में सहज हो। सूरज ने कहा कि दूसरे फिल्म निर्माता एक्शन फिल्मों में अच्छा काम कर रहे हैं और वह उनके काम से खुश हैं। लेकिन अपनी मौजूदा सोच और जिम्मेदारी के हिसाब से वह ऐसी फिल्में बनाना चाहते हैं, जिनमें परिवार और रिश्तों की कहानियां प्रमुख हों।

अगली पीढ़ी के लिए जरूरी हैं पारिवारिक कहानियां

सूरज बड़जात्या ने कहा कि वह हमेशा मानते हैं कि हर घर की हर खिड़की में एक अलग कहानी छिपी होती है। वह ऐसी ही कहानियों को पर्दे पर लाना चाहते हैं, जिनसे दर्शक अपने परिवार और आसपास के रिश्तों को जोड़ सकें।

उन्होंने ‘ये प्रेम मोल लिया’ जैसी फिल्मों को अगली पीढ़ी के लिए जरूरी बताया। उनका मानना है कि यदि फिल्मों के माध्यम से पारिवारिक मूल्यों, रिश्तों और पुरानी परंपराओं को नहीं दिखाया जाएगा तो आने वाली पीढ़ी इनके बारे में कैसे जान पाएगी। यही वजह है कि वह अपने पसंदीदा क्षेत्र में रहकर पारिवारिक मनोरंजन से जुड़ी अच्छी कहानियां बनाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed