November 24, 2026

नाहिद इस्लाम का भारत पर निशाना, बोले- आवामी लीग नहीं, अब ‘भारतीय वर्चस्व’ के खिलाफ है लड़ाई

0
photo-4-1-1795495363

नई दिल्ली । बांग्लादेश में राजनीतिक बदलाव के बाद भी भारत को लेकर बयानबाजी जारी है। नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने आरोप लगाया है कि बांग्लादेश की मौजूदा राजनीतिक गतिविधियों में भारत की भूमिका है। प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि अब संघर्ष शेख हसीना की आवामी लीग के खिलाफ नहीं, बल्कि भारत के कथित वर्चस्व के खिलाफ है।

नाहिद इस्लाम ने ‘भारतीय वर्चस्व’ का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक दलों से एकजुट होने की अपील भी की। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी की घोषणा और आवामी लीग की गतिविधियों को लेकर राजनीतिक तनाव बना हुआ है।

‘अब लड़ाई आवामी लीग नहीं, भारत के वर्चस्व के खिलाफ’

बांग्लादेश के विपक्षी नेता और नेशनल सिटीजन पार्टी के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि बांग्लादेश में जारी घटनाक्रम में भारत सीधे तौर पर शामिल है। उन्होंने कहा कि मौजूदा लड़ाई का केंद्र अब शेख हसीना की आवामी लीग नहीं, बल्कि भारत का वर्चस्व है। नाहिद ने इस कथित प्रभाव का मुकाबला करने के लिए राजनीतिक एकजुटता की जरूरत बताई।

नाहिद इस्लाम ने NCP के प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के सदस्य सचिव अख्तर हुसैन, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्ला और संयुक्त संयोजक अकरम हुसैन शामिल थे। यह मुलाकात प्रधानमंत्री की उस पहल के तहत हुई, जिसके जरिए जुलाई 2024 के आंदोलन में सक्रिय रहे राजनीतिक दलों से बातचीत कर उनके बीच एकता मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

गोपालगंज में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला

इस बीच बांग्लादेश में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमले और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आई हैं। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हमला किए जाने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना में 30 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ किए जाने की भी सूचना है।

बताया गया है कि आवामी लीग के कार्यकर्ता शेख हसीना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान उन पर देसी बम फेंके गए। यह घटना ऐसे वक्त हुई है, जब शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने की घोषणा की है। उनके इस ऐलान के बाद से पार्टी की गतिविधियों और समर्थकों को लेकर तनाव बढ़ने की खबरें सामने आ रही हैं।

बांग्लादेश में आवामी लीग और उसकी राजनीतिक गतिविधियों पर पहले ही प्रतिबंध लगाया जा चुका है। ऐसे में पार्टी समर्थकों की रैलियों, उन पर हो रहे हमलों और भारत को लेकर दिए जा रहे बयानों ने वहां के राजनीतिक माहौल को और संवेदनशील बना दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed