November 24, 2026

दिवाली के बाद महंगाई की मार, टीवी-स्मार्टफोन हुए महंगे, सैमसंग और शाओमी ने बढ़ाए दाम

0
photo-5-1-1795496615

नई दिल्ली । त्योहारों का सीजन खत्म होते ही इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी शुरू हो गई है। सैमसंग और शाओमी ने अपने कई स्मार्टफोन मॉडल के दाम 18.75 फीसदी तक बढ़ा दिए हैं। नई कीमतें 15 और 16 नवंबर से लागू हो चुकी हैं। टीवी और घरेलू उपकरणों की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। कंपनियों के मुताबिक, मेमोरी चिप और कच्चे माल की बढ़ती लागत के चलते कीमतें बढ़ाने का दबाव है।

रेडमी के फोन पर 3 हजार रुपये तक बढ़े दाम
सैमसंग गैलेक्सी A07 5G (4GB+128GB) की कीमत 20,999 रुपये से बढ़ाकर 22,999 रुपये कर दी गई है। यानी ग्राहकों को अब इस फोन के लिए 2,000 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे। वहीं, शाओमी के रेडमी A7 प्रो 5G (4GB+128GB) की कीमत 15,999 रुपये से बढ़कर 18,999 रुपये हो गई है। इस मॉडल पर सीधे 3,000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।

इसके अलावा सैमसंग गैलेक्सी A57 और शाओमी रेडमी नोट 17 प्रो 5G के चुनिंदा वेरिएंट भी 4,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं। अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से कीमतों में बदलाव किया गया है।

2026 में और बढ़ सकती हैं कीमतें
इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग से जुड़े अधिकारियों का अनुमान है कि वर्ष 2026 में स्मार्टफोन की कुल कीमतों में बढ़ोतरी 40 फीसदी से अधिक हो सकती है। इसी तरह टीवी की कीमतें करीब 20 फीसदी और घरेलू उपकरणों के दाम 15 से 20 फीसदी तक बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। लागत में लगातार इजाफे के कारण कंपनियों के सामने कीमतों को नियंत्रित रखने की चुनौती बढ़ रही है।

टीवी और घरेलू उपकरण भी महंगे
स्मार्टफोन के साथ टीवी और घरेलू उपकरणों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। शाओमी ने अपने टेलीविजन की कीमतें 7 फीसदी तक बढ़ाई हैं। हायर और गोदरेज ने भी अपने उत्पादों के दाम में 7 फीसदी तक इजाफा किया है।

इससे पहले एलजी, सैमसंग और डाइकिन जैसी कंपनियां दिवाली से पहले ही कुछ उत्पाद श्रेणियों में 5 से 10 फीसदी तक कीमतें बढ़ा चुकी थीं। सैमसंग ने अपने 43 से 75 इंच तक के टीवी की कीमतों में 1,000 से 10,000 रुपये तक की वृद्धि की थी।

मेमोरी चिप और धातुओं की बढ़ती कीमतों का असर
इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की लागत बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं। स्मार्टफोन कंपनियों के लिए मेमोरी चिप की बढ़ती कीमतें बड़ी चुनौती बन गई हैं। चिप महंगी होने से फोन के निर्माण की लागत बढ़ रही है। वहीं, टीवी और घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनियों को तांबा और एल्युमिनियम जैसे कच्चे माल की महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।

इनपुट लागत में लगातार बढ़ोतरी के कारण कंपनियां इसका बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं। ऐसे में आने वाले महीनों में इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद खरीदने वाले उपभोक्ताओं को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed