November 24, 2026

600 रुपए क्विंटल गन्ने का रेट नहीं मिला तो भोपाल में बढ़ेगा आंदोलन किसान खुले आसमान में डटे सरकार को दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम

0
untitled-1795496782

भोपाल । गन्ने के भाव को लेकर किसानों का आंदोलन अब राजधानी भोपाल तक पहुंच गया है। गन्ने का मूल्य 600 रुपए प्रति क्विंटल करने और इसके साथ 50 रुपए बोनस देने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान भोपाल पहुंचे हैं। किसानों ने होशंगाबाद रोड स्थित वीर सावरकर सेतु के पास सर्विस रोड पर डेरा डाल दिया है। सोमवार रात किसानों ने खुले आसमान के नीचे रहकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। किसानों का कहना है कि जब तक सरकार गन्ने का उचित मूल्य तय नहीं करती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। किसानों ने सरकार को मंगलवार दोपहर 2 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। उनका कहना है कि यदि तय समय तक उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ तो वे मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने किसानों को सर्विस रोड पर ही रोकने के लिए दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर दी है ताकि होशंगाबाद रोड पर यातायात प्रभावित न हो। रात के समय प्रदर्शन स्थल पर दो डीएसपी और चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारियों के साथ करीब 45 पुलिसकर्मी तैनात रहे। वीर सावरकर सेतु की शुरुआत में बैरिकेड्स लगाए गए हैं जबकि गणेश मंदिर के पास भी बैरिकेडिंग की तैयारी की जा रही है। मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए करीब 150 पुलिसकर्मियों की तैनाती की तैयारी है।

किसान नेताओं के मुताबिक प्रदर्शन में नरसिंहपुर जिले के गन्ना उत्पादक किसान बड़ी संख्या में शामिल हैं। किसान नेता प्रतीक शर्मा ने बताया कि किसानों की प्रमुख मांग गन्ने का मूल्य 400 रुपए प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 600 रुपए प्रति क्विंटल करना है। इसके साथ किसानों को 50 रुपए प्रति क्विंटल बोनस देने की भी मांग रखी गई है। किसानों का कहना है कि खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए मौजूदा दर उनके लिए पर्याप्त नहीं है। सरकार की ओर से 450 रुपए प्रति क्विंटल देने की बात कही जा रही है लेकिन किसान इसे स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं।

आंदोलन को लेकर किसान नेताओं ने कहा कि नरसिंहपुर और आसपास के क्षेत्रों से किसान ट्रेन और निजी वाहनों के जरिए भोपाल पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी किसानों के राजधानी पहुंचने का सिलसिला जारी रहने की बात कही गई है। किसान नेताओं का कहना है कि यदि दोपहर 2 बजे तक सरकार ने उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा और किसान मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करेंगे।

इससे पहले सोमवार को किसानों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने कृषि संचालक उमाशंकर भार्गव से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल ने गन्ने के दाम बढ़ाने और बोनस देने की मांग सरकार के सामने रखी लेकिन बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद किसानों ने भोपाल में ही डटे रहने का फैसला किया। प्रदर्शन स्थल पर किसानों ने अपने खाने पीने की व्यवस्था खुद की और रात भी वहीं गुजारी। किसानों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से सरकार से बातचीत की कोशिश कर रहे हैं लेकिन समाधान नहीं निकलने के कारण अब राजधानी में आंदोलन करना पड़ रहा है। फिलहाल प्रशासन की नजर किसानों के अगले कदम पर है और दोपहर 2 बजे की समय सीमा को देखते हुए भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed