200 साल का हुआ बांद्राभान का ऐतिहासिक रेत मेला, संगम पर दाल-बाटी का भोग और ढोल की थाप पर आदिवासी नृत्य; कार्तिक पूर्णिमा पर घाटों में उमड़ी भीड़
कार्तिक पूर्णिमा पर नर्मदापुरम के बांद्राभान में आयोजित ऐतिहासिक रेत का मेला इस बार खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नर्मदा और तवा नदी के संगम पर लगने वाले इस मेले के 200 साल पूरे हो चुके हैं। इस विशेष अवसर पर परंपरागत चार दिनों के बजाय पांच दिवसीय मेले का आयोजन किया गया है। मेले में आदिवासी समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में मोर की ढाल लेकर ढोल की थाप पर नाचते-गाते संगम तक पहुंचे। उनकी पारंपरिक प्रस्तुतियों ने मेले के माहौल को उत्सवमय बना दिया। यहां श्रद्धालु संगम में स्नान करने के बाद रेत पर ही दाल-बाटी और चूरमा तैयार करते हैं और मां नर्मदा को भोग अर्पित करते हैं।
बांद्राभान मेले में सोमवार शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। देर रात तक 20 हजार से अधिक लोग मेला स्थल पर पहुंच चुके थे। धार्मिक मान्यता के अनुसार नर्मदा और तवा के संगम पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान करने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि यहां स्नान करने से मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के साथ हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचते हैं। मेले में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की भागीदारी देखने को मिल रही है। श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों के साथ मेले के पारंपरिक माहौल का आनंद भी ले रहे हैं। भीड़ और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग स्थानों पर 21 पार्किंग स्थल बनाए हैं और एक बैरियर भी लगाया है।
जबलपुर के ग्वारीघाट में सुबह से ही हजारों श्रद्धालु नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे। जिलहरी और खारी घाट की ओर से भी भक्तों का आना जारी रहा। भीड़ को देखते हुए वाहनों को घाट तक जाने से पहले निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रुकवाया गया ताकि रास्तों पर जाम की स्थिति न बने। नरसिंहपुर के बरमान घाट पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ रही। उपलब्ध जानकारी के अनुसार यहां करीब 50 हजार लोग स्नान कर चुके थे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।
ग्वालियर में 417 साल पुराने मंदिर के पट मंगलवार रात 12 बजे खोल दिए गए थे। इसके बाद कार्तिक भगवान की पूजा और अभिषेक किया गया। सुबह चार बजे आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू हुए। मंदिर में भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन किया गया। कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वे पिछले 40 वर्षों से हर साल कार्तिक मेले में आ रहे हैं। पांढुर्णा में प्राचीन विट्ठल-रुक्मिणी मंदिर के शिखर पर मध्यरात्रि में त्रिपुर जलाया गया और सुबह धार्मिक झांकी निकाली गई। वहीं मुलताई में ताप्ती सरोवर की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और जगह-जगह भंडारों में प्रसादी वितरित की गई।
