जबलपुर-भोपाल हाईवे पर जाम का निकलेगा रास्ता, खैरी से घुसौर तक बनेगा वैकल्पिक मार्ग; किसानों और यात्रियों को होगा फायदा
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार शाम शहपुरा और आसपास के मार्गों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहपुरा-पाटन रोड और सहजपुर मार्ग की स्थिति देखी। अधिकारियों के साथ प्रस्तावित वैकल्पिक रास्ते का जायजा लेते हुए उन्होंने निर्माण से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों की जानकारी ली। मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़ी बाधाओं का जल्द समाधान किया जाए ताकि लोगों को जल्द से जल्द वैकल्पिक रास्ते की सुविधा मिल सके।
शहपुरा और पाटन क्षेत्र कृषि की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। यहां बड़ी संख्या में किसान मटर सहित अन्य फसलों का उत्पादन करते हैं। खासकर मटर के सीजन में किसानों को अपनी उपज लेकर मंडियों तक पहुंचना होता है। इस दौरान बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉली और मालवाहक वाहन मुख्य मार्ग से गुजरते हैं। वाहनों की संख्या बढ़ने से शहपुरा में अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार वाहन चालकों और किसानों को लंबे समय तक रास्ते में फंसे रहना पड़ता है। नया वैकल्पिक मार्ग बनने से किसानों को मंडियों तक पहुंचने के लिए दूसरा रास्ता मिलेगा। इससे कृषि उपज के परिवहन में आसानी होगी और मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव भी कम हो सकेगा।
इस परियोजना से केवल किसानों को ही नहीं बल्कि जबलपुर और भोपाल के बीच नियमित सफर करने वाले लोगों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। अभी शहपुरा से गुजरने वाले वाहनों को कई बार जाम में फंसना पड़ता है। वैकल्पिक सड़क तैयार होने के बाद यात्री वाहन और अन्य वाहन जरूरत के अनुसार इस रास्ते का उपयोग कर सकेंगे। इससे मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
दूसरी ओर शहपुरा रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर अभी नई निविदा प्रक्रिया शुरू करनी होगी। इस आरओबी का निर्माण मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम यानी एमपीआरडीसी के माध्यम से कराया जा रहा है। परियोजना की पिछली निविदा प्रक्रिया में सबसे कम बोली लगाने वाले ठेकेदार के साथ आगे की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में अब नए सिरे से टेंडर जारी करना होगा। मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने और निर्माण एजेंसी तय होने के बाद ही रेलवे ओवरब्रिज के काम की समय-सीमा स्पष्ट हो सकेगी। तब तक जाम से राहत देने के लिए वैकल्पिक सड़क तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को भूमि से संबंधित मामलों और तकनीकी स्वीकृतियों सहित निर्माण में आने वाली सभी बाधाओं का जल्द निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा। निरीक्षण के दौरान विधायक नीरज सिंह कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और एमपीआरडीसी के जीएम विक्रम सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
