November 24, 2026

घर में खेलते-खेलते अचानक गायब हुई मासूम, परिवार की हर गुजरते दिन के साथ बढ़ रही चिंता; तीन राज्यों में पुलिस का सर्च ऑपरेशन

0
untitled-1795504947

ग्वालियर । ग्वालियर के घाटीगांव क्षेत्र के पुरा गांव से लापता हुई डेढ़ साल की मासूम मुस्कान का 18 दिन बीतने के बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। छोटी दीपावली के दिन घर से अचानक गायब हुई बच्ची की तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मध्यप्रदेश के अलावा राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में पुलिस की टीमें छानबीन कर चुकी हैं। घटनास्थल और वहां से निकलने वाले रास्तों पर लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं। डॉग स्क्वॉड की मदद लेने के साथ आसपास के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया गया और ड्रोन से भी सर्चिंग की गई। इसके बावजूद पुलिस को अब तक ऐसा कोई ठोस सुराग नहीं मिला है जिससे मासूम तक पहुंचा जा सके। दिन बीतने के साथ परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

पुरा गांव निवासी घनश्याम सिंह पेशे से किसान हैं और अपने परिवार के साथ संयुक्त रूप से रहते हैं। 7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन उनके घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं। दोपहर करीब एक बजे घनश्याम घर में पुताई कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी डेढ़ साल की बेटी मुस्कान को परिवार के अन्य सदस्यों के पास छोड़कर त्योहार का सामान खरीदने बाजार चली गईं। उस समय बच्ची अपने चार साल के भाई के साथ खेल रही थी। परिवार को अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों में उनकी खुशियां चिंता में बदल जाएंगी।

शाम करीब चार बजे जब मुस्कान की मां बाजार से वापस लौटीं तो बच्ची घर में नहीं मिली। पहले परिजनों ने घर के अंदर और आसपास उसकी तलाश की। इसके बाद गांव में रहने वाले लोगों की मदद से खेतों और आसपास के खाली स्थानों में खोजबीन की गई। परिवार ने गड्ढों और जंगल तक में बच्ची को तलाशा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। काफी देर तक खोजने के बाद परिजन देर रात घाटीगांव थाने पहुंचे और बच्ची के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तलाश शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 से अधिक विशेष टीमें बनाई हैं। ये टीमें मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों के साथ राजस्थान और उत्तर प्रदेश के शहरों में भी बच्ची की तलाश कर रही हैं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी है। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड की मदद से भी संभावित रास्तों और स्थानों की जांच की गई। ग्रामीणों को साथ लेकर आसपास के जंगलों और खाली मैदानों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जंगल के उन हिस्सों में भी ड्रोन के जरिए निगरानी और तलाशी की गई जहां सामान्य रूप से पहुंचना मुश्किल है। इतनी व्यापक कोशिशों के बाद भी पुलिस को कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है।

पुलिस इस मामले में अपहरण की आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। बच्ची के लापता होने के बाद से परिवार को फिरौती के लिए भी कोई फोन नहीं आया है। पुलिस पुरानी रंजिश और परिवार से किसी तरह की दुश्मनी सहित अन्य संभावनाओं की भी पड़ताल कर रही है। महज डेढ़ साल की बच्ची होने के कारण उसके खुद कहीं दूर चले जाने की संभावना बेहद कम मानी जा रही है।

ग्वालियर में बच्चों के लापता होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे ठीक एक साल पहले 1 नवंबर 2025 को मुरार के मोहनपुर इलाके से तीन साल का रितेश पाल घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। एक साल गुजरने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल पाया है। अब मुस्कान के 18 दिनों से लापता होने के मामले ने पुलिस और परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। घाटीगांव थाना पुलिस का कहना है कि बच्ची की तलाश लगातार जारी है और अलग-अलग टीमें हर संभावित स्थान पर जांच कर रही हैं। फिलहाल मासूम के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed