November 24, 2026

उत्तर कोरिया में 3 दशक बाद हुआ भव्य आयोजन….. भारत समेत 10 देशों के राजदूतों से मिले किम जोंग उन

0
00000000000-1795502020

प्योंगयांग ।
उत्तर कोरिया (North Korea) के नेता किम जोंग उन (Kim Jong Un) ने रविवार को प्योंगयांग (Pyongyang) में एक खास कूटनीतिक समारोह में भारत समेत 10 देशों के नवनियुक्त राजदूतों के परिचय पत्र स्वीकार किए। तीन दशक से अधिक समय बाद उत्तर कोरिया में इस तरह का आयोजन हुआ, जिसने देश के अंतरराष्ट्रीय राजनयिक संपर्कों को लेकर ध्यान खींचा है। समारोह में भारत के नवनियुक्त राजदूत संजीव जैन (Ambassador Sanjeev Jain) भी मौजूद रहे। उन्होंने किम जोंग उन को अपने राजदूत पद से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज सौंपे।


भारत, रूस और ब्राजील समेत 10 देशों के राजदूत शामिल

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, किम जोंग उन ने रविवार सुबह प्योंगयांग में 10 देशों के नए राजदूतों से परिचय पत्र स्वीकार किए। इनमें भारत, रूस, ब्राजील, स्वीडन, वियतनाम, इंडोनेशिया, चेक गणराज्य, फिलीपींस, थाईलैंड और बांग्लादेश के प्रतिनिधि शामिल थे। भारत की ओर से नवनियुक्त राजदूत संजीव जैन ने किम जोंग उन को अपने आधिकारिक दस्तावेज सौंपे। इस समारोह में उत्तर कोरिया की विदेश मंत्री चोए सोन हुई भी शामिल हुईं। किम ने सभी राजदूतों के साथ अलग-अलग तस्वीरें भी खिंचवाईं।


तीन दशक बाद क्यों खास है यह आयोजन?

इस समारोह की अहमियत इसलिए भी है, क्योंकि तीन दशक से अधिक समय बाद उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता ने खुद विदेशी राजदूतों के परिचय पत्र स्वीकार किए। इससे पहले यह जिम्मेदारी उत्तर कोरिया की सर्वोच्च जनसभा की स्थायी समिति के अध्यक्ष के पास थी। मार्च 2026 में हुए संवैधानिक संशोधन के बाद विदेशी राजनयिकों के परिचय पत्र स्वीकार करने का अधिकार राज्य मामलों के आयोग के अध्यक्ष को दिया गया। इस पद पर किम जोंग उन हैं। नए संवैधानिक प्रावधान के बाद यह पहला मौका था, जब उन्होंने खुद यह औपचारिक प्रक्रिया पूरी की।


सैन्य ताकत बढ़ाने की नीति का किम ने किया बचाव

समारोह के बाद अपने संबोधन में किम जोंग उन ने उत्तर कोरिया की सैन्य क्षमताओं को मजबूत करने की नीति का बचाव किया। उन्होंने कहा कि उनका देश क्षेत्रीय प्रभुत्व या विस्तार की नीति नहीं अपनाता। उनका उद्देश्य अपनी संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के लिए पर्याप्त ताकत हासिल करना है। किम ने कहा कि उत्तर कोरिया ऐसे देशों के साथ मित्रता और सहयोग के संबंध मजबूत करने के लिए तैयार है, जो उसकी संप्रभुता का सम्मान करते हैं। उन्होंने राजदूतों से अपने-अपने देशों के नेताओं और नागरिकों तक शुभकामनाएं पहुंचाने को भी कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed