November 26, 2026

दानपेटी खुली तो निकलीं भक्तों की पीड़ा और उम्मीदें: वेतन की शिकायत से लेकर संतान और नौकरी की मन्नत तक मिलीं पर्चियां

0
untitled-1795694593

ग्वालियर । ग्वालियर के प्रसिद्ध अचलेश्वर महादेव मंदिर की दानपेटियां करीब तीन महीने बाद खोली गईं तो इनमें सिर्फ रुपए और सिक्के ही नहीं बल्कि भक्तों के मन की पीड़ा और उम्मीदें भी सामने आईं। दानपेटियों से कई पर्चियां मिलीं जिनमें भक्तों ने भगवान के सामने अपनी परेशानियां रखी थीं। इनमें जेएएच कैंपस स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारियों की शिकायत भी शामिल है। कर्मचारियों ने समय पर वेतन नहीं मिलने और बोनस अटकने की परेशानी बताते हुए बाबा अचलेश्वर से न्याय की गुहार लगाई है। पर्चियों में कंपनी पर कथित तौर पर विरोध करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

दानपेटी से मिली एक अर्जी में कर्मचारियों ने अपनी आर्थिक परेशानी का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा कि वे सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आउटसोर्स कंपनी एजाइल सिक्योरिटी लिमिटेड के माध्यम से काम कर रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें नियमानुसार समय पर वेतन नहीं मिलता। उनके मुताबिक हर महीने का वेतन अगले महीने की 25 तारीख को मिलता है और सभी कर्मचारियों को भी एक साथ भुगतान नहीं किया जाता। कर्मचारियों ने बताया कि करीब 10 हजार रुपए महीने की आय में उन्हें अपने परिवार का खर्च चलाना पड़ता है। वेतन में देरी होने पर घर के जरूरी खर्च प्रभावित होते हैं और त्योहारों के समय भी आर्थिक परेशानी बढ़ जाती है।

कर्मचारियों ने अपनी अर्जी में बोनस और छुट्टी से जुड़ी राशि नहीं मिलने की शिकायत भी की है। उनका आरोप है कि जब वे अपनी समस्या को लेकर आवाज उठाते हैं तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों ने बाबा से कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने और उनकी परेशानी दूर करने की प्रार्थना की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि श्रम विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने पर कर्मचारियों की पहचान गोपनीय रखने के बजाय कंपनी को बता दी जाती है। इसके बाद शिकायत करने वाले कर्मचारी पर नौकरी जाने का खतरा रहता है। कर्मचारियों ने दावा किया कि अधिकारियों और अस्पताल प्रबंधन के सामने अपनी बात रखने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ।

दानपेटी में मिली दूसरी पर्चियों में भी भक्तों की अलग अलग मनोकामनाएं सामने आईं। किसी ने सरकारी नौकरी मिलने की प्रार्थना की तो किसी ने संतान सुख की कामना की। एक भक्त ने पुलिस की वर्दी पहनने का सपना पूरा होने की इच्छा जताई। वहीं एक अन्य व्यक्ति ने केंद्र सरकार में लेवल चार की नौकरी मिलने की मन्नत मांगी। एक महिला ने संतान सुख के लिए बाबा से प्रार्थना की। उसने अपनी निजी परेशानियों का जिक्र करते हुए लिखा कि संतान नहीं होने के कारण उसे ससुराल में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एक अन्य पर्ची में प्रेम में मिलन और मन को सकारात्मक रखने की शक्ति मांगी गई।

दानपेटियों की गिनती के दौरान कुछ ऐसी चीजें भी मिलीं जिन्होंने मंदिर समिति के लोगों को हैरान कर दिया। इसमें करीब 120 साल पुराना चांदी का सिक्का और अमेरिका के दो डॉलर शामिल हैं। मंदिर समिति के अनुसार चांदी का सिक्का किसी भक्त ने अपने पुरखों की निशानी के तौर पर भगवान को अर्पित किया होगा। वहीं डॉलर विदेश में रहने वाले किसी भक्त की आस्था से जुड़ा हो सकता है। इसके अलावा चांदी के नाग नागिन के जोड़े भी मिले हैं।

मंदिर के कोषाध्यक्ष कृष्ण बिहारी गोयल के मुताबिक चुनाव के कारण करीब तीन महीने बाद दानपेटियां खोली गई हैं। अभी रकम की गिनती जारी है और करीब छह लाख रुपए की गिनती हो चुकी है। सभी पेटियों की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल राशि सामने आएगी। दानपेटियों से मिली अर्जियां यह बताती हैं कि अचलेश्वर महादेव के दरबार में भक्त सिर्फ धार्मिक मनोकामनाएं ही नहीं रखते बल्कि अपनी निजी परेशानियां और जीवन से जुड़ी उम्मीदें भी भगवान के सामने छोड़ जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed