November 26, 2026

संविधान दिवस पर MP विधानसभा में सियासी वार-पलटवार: मोहन यादव ने कांग्रेस को घेरा और विजयवर्गीय बोले- सड़क पर अराजकता की अनुमति नहीं

0
untitled-1795693529

भोपाल । भोपाल में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मध्यप्रदेश विधानसभा में संविधान उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संविधान को लेकर चर्चा के साथ ही कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी देखने को मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर संविधान के मूल भाव से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने करीब 100 बार संविधान के मूल भाव को तोड़ने और मरोड़ने का काम किया तथा 90 से ज्यादा बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया। मुख्यमंत्री ने आपातकाल और शाहबानो प्रकरण सहित कई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कांग्रेस के शासनकाल पर सवाल उठाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 26 नवंबर को पूरे देश में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। भारतीय संविधान को 1949 में अंगीकार किया गया था और 1950 में लागू किया गया। मध्यप्रदेश विधानसभा में भी संविधान निर्माण में योगदान देने वाली प्रदेश की विभूतियों को याद करने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई गई है। मुख्यमंत्री ने संविधान के इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान लागू होने के एक साल बाद ही पहला संशोधन किया गया था। उन्होंने 1954 में संसद में चर्चा के बिना संशोधन किए जाने का भी आरोप लगाया।

कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च और विरोध प्रदर्शनों को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी पर बार बार संविधान का मखौल उड़ाने के आरोप लगते रहे हैं उसके नेता आज संविधान की प्रति लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं के हाथ में संविधान की प्रति देखकर चलनी कहे सूप से कि देख तेरे में छेद है जैसी स्थिति दिखाई देती है। उन्होंने जबलपुर के त्रिपुरी अधिवेशन का भी उल्लेख किया और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के बाद तत्कालीन नेतृत्व के साथ हुए विवाद का संदर्भ दिया।

मुख्यमंत्री ने धारा 370 हटाने और अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण फैसले हुए हैं और सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों को जमीन पर लागू किया गया है। उन्होंने संविधान की मूल प्रति में भगवान श्रीराम के चित्र सहित अन्य ऐतिहासिक तथ्यों पर चर्चा की आवश्यकता बताई। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश के संविधान निर्माण में योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने डॉ. हरिसिंह गौर भगवंतराव मंडलोई पं. रविशंकर शुक्ल सेठ गोविंद दास और राजकुमारी अमृत कौर जैसी विभूतियों के योगदान का उल्लेख किया।

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी कांग्रेस के प्रदर्शनों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में असहमति जरूरी है लेकिन संविधान सड़क पर अराजकता की अनुमति नहीं देता। उन्होंने कहा कि चौराहे पर संवाद की चुनौती देने वाले लोग संसद और विधानसभा में चर्चा से भागते हैं। विजयवर्गीय ने आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में संविधान की आत्मा की हत्या हुई थी। उन्होंने कहा कि बाद में जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता परिवर्तन किया।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि संविधान हमें तश्तरी में रखकर नहीं मिला बल्कि इसके पीछे पूर्वजों का संघर्ष और बलिदान है। उन्होंने नागरिकों से अधिकारों के साथ मूल कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने की अपील की। लोकायुक्त न्यायमूर्ति सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि संविधान के मूल्य किताबों और न्यायालयों तक सीमित नहीं रहने चाहिए बल्कि आम लोगों तक पहुंचने चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा परिसर में संविधान गैलरी और संविधान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। विधानसभा की त्रैमासिक पत्रिका विधायिनी के संविधान विशेषांक का विमोचन भी किया गया। प्रदर्शनी में संविधान सभा की बहसों में योगदान देने वाली विभूतियों के साथ मध्यप्रदेश से जुड़े संविधान निर्माताओं और कलाकारों के योगदान को प्रदर्शित किया गया। इंदौर के चित्रकार स्वर्गीय दीनानाथ भार्गव के बेटे का भी समारोह में सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed