November 20, 2026

हॉकी में इंटरनेशनल खिलाड़ी बनने का रास्ता आसान नहीं, रोज 5 घंटे ट्रेनिंग और कड़े अनुशासन से तैयार होता है चैंपियन

0
untitled-1795153609

नई दिल्ली। हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाना हर खिलाड़ी का सपना होता है लेकिन इस सपने को पूरा करने के लिए मैदान पर घंटों पसीना बहाने के साथ अनुशासन और लगातार मेहनत जरूरी होती है। खिलाड़ी की तैयारी केवल हॉकी स्टिक और गेंद के अभ्यास तक सीमित नहीं रहती बल्कि उसके शरीर की फिटनेस मानसिक मजबूती स्पीड स्टैमिना एंड्योरेंस और खेल की बारीकियों पर भी लगातार काम किया जाता है। भोपाल में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान ओलिंपियन समीर दाद और हॉकी दिग्गज अशोक ध्यानचंद ने बताया कि एक खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए किस तरह की दिनचर्या और प्रतिबद्धता की जरूरत होती है।

ओलिंपियन समीर दाद के मुताबिक हॉकी खिलाड़ियों की रोजाना ट्रेनिंग करीब पांच घंटे तक चलती है। सुबह लगभग ढाई घंटे और शाम को ढाई घंटे खिलाड़ी मैदान और फिटनेस पर काम करते हैं। इस दौरान स्किल ड्रिल्स स्ट्रेंथ ट्रेनिंग फिटनेस अभ्यास और खेल की तकनीक पर ध्यान दिया जाता है। हॉकी में केवल गेंद को नियंत्रित करना पर्याप्त नहीं है। खिलाड़ी को अपने शरीर और गेंद के बीच बेहतर तालमेल बनाना होता है। इसके साथ उसकी गति स्टैमिना और लगातार खेलते रहने की क्षमता भी मजबूत होनी चाहिए। आधुनिक हॉकी की तेज रफ्तार को देखते हुए फिटनेस का महत्व पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गया है।

इस कठिन तैयारी के बीच चोट खिलाड़ियों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आती है। हॉकी में घुटने और टखने की चोट के अलावा गेंद लगने और फ्रैक्चर जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। समीर दाद के अनुसार गंभीर चोट खिलाड़ी की कई महीनों की मेहनत प्रभावित कर सकती है और वह चार से छह महीने तक पीछे हो सकता है। इसके बावजूद खिलाड़ी खेल से जुड़े रहते हैं क्योंकि हॉकी के प्रति उनका जुनून उन्हें दोबारा मैदान पर लौटने की प्रेरणा देता है।

ओलिंपियन अशोक ध्यानचंद के मुताबिक सफलता के लिए खिलाड़ी में सबसे पहले सेल्फ डिसिप्लिन होना चाहिए। उसे हर काम के लिए किसी दूसरे के निर्देश का इंतजार नहीं करना चाहिए बल्कि खुद से सवाल करना चाहिए कि वह जो कर रहा है वह उसके लक्ष्य के लिए सही है या नहीं। लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास खिलाड़ी को आगे बढ़ाते हैं। उनके अनुसार खिलाड़ी के साथ उसके माता पिता और सहयोग करने वाले लोगों का समर्थन भी बेहद महत्वपूर्ण है। जब परिवार बच्चे की मेहनत और प्रगति पर भरोसा करता है तो खिलाड़ी बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए ज्यादा मजबूती से आगे बढ़ता है।

अशोक ध्यानचंद ने बताया कि समय के साथ हॉकी खेलने का तरीका भी काफी बदल गया है। पहले खिलाड़ी 11 सदस्यीय टीम के साथ लंबे समय तक मैदान पर रहते थे और अब आधुनिक हॉकी में खिलाड़ियों को कुछ मिनटों के अंतराल पर बदला जाता है। एस्ट्रोटर्फ पर खेल की रफ्तार बढ़ने के कारण पैरों मांसपेशियों और जोड़ों पर दबाव भी बढ़ा है। इसलिए फिटनेस के साथ मेडिकल सुविधाएं और चोट से उबरने की व्यवस्था भी खिलाड़ी की तैयारी का अहम हिस्सा बन गई है।

भोपाल की हॉकी विरासत को लेकर भी दोनों पूर्व खिलाड़ियों ने उम्मीद जताई। समीर दाद ने बताया कि शहर में हॉकी की परंपरा आजादी से पहले से रही है और कई बड़े खिलाड़ियों ने इस खेल को पहचान दिलाई। अब जरूरत है कि स्कूल स्तर से ही बच्चों को हॉकी की सुविधाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए। अशोक ध्यानचंद का कहना है कि नई प्रतिभाओं को तैयार करने की शुरुआत स्कूलों से होनी चाहिए और इसमें अभिभावकों की भूमिका बेहद अहम है। जब परिवारों को भरोसा होगा कि खेल के क्षेत्र में भी बच्चे का भविष्य बनाया जा सकता है तो ज्यादा बच्चे हॉकी की ओर आकर्षित होंगे।

भोपाल में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन भी शहर की हॉकी संस्कृति के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारत के अलावा चीन जापान दक्षिण कोरिया मलेशिया और थाईलैंड की टीमें इसमें हिस्सा ले रही हैं। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलने के साथ भोपाल में हॉकी के प्रति दर्शकों और युवाओं की रुचि बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में आने वाले समय में स्कूलों और मैदानों से हॉकी की नई पौध तैयार होने और भोपाल की पुरानी हॉकी पहचान को फिर मजबूत करने की उम्मीद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed