November 24, 2026

आज शाम भारत चीन में होगी जोरदार भिड़ंत रैंकिंग में चीन आगे लेकिन टूर्नामेंट में भारत का दबदबा जीत के लिए मैदान में उतरेगी टीम इंडिया

0
untitled-1795499013

भोपाल । मध्य प्रदेश वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मंगलवार को भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन कर रही मेजबान भारतीय टीम अब चीन के खिलाफ मैदान में उतरेगी। दोनों टीमों के बीच मुकाबला शाम 7 बजे खेला जाएगा। भारत ने टूर्नामेंट में अब तक अपने तीनों मुकाबले जीतकर 9 अंक हासिल किए हैं और अंक तालिका में पहले स्थान पर बना हुआ है। वहीं चीन की टीम एक जीत एक ड्रॉ और एक हार के साथ 4 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम माना जा रहा है।

भारतीय टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की है। भारत ने मलेशिया दक्षिण कोरिया और थाईलैंड को शिकस्त देकर लगातार तीन जीत दर्ज की हैं। इन तीन मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 11 गोल किए हैं। टीम की आक्रामक हॉकी के साथ डिफेंस भी मजबूत नजर आया है। अब तक खेले गए मुकाबलों में विपक्षी टीम भारत के खिलाफ गोल अंतर के लिहाज से ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकी है। चीन के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के सामने इसी प्रदर्शन को दोहराने की चुनौती होगी।

अंक तालिका में जापान भी तीन मुकाबलों में तीन जीत के साथ 9 अंक लेकर दूसरे स्थान पर है। ऐसे में चीन के खिलाफ जीत भारतीय टीम को शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ और मजबूत करने का मौका देगी। भारत और जापान के अंक बराबर हैं इसलिए आने वाले मुकाबलों के नतीजे और गोल अंतर भी महत्वपूर्ण होंगे। भारतीय टीम की नजर चीन के खिलाफ पूरे तीन अंक हासिल करने पर होगी।

हालांकि चीन को कमजोर आंकना भारतीय टीम के लिए बड़ी गलती साबित हो सकती है। चीन की विश्व रैंकिंग चौथे स्थान पर है जबकि भारत सातवें स्थान पर है। चीन ओलिंपिक पदक जीत चुकी टीम है और उसके पास बड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों का अनुभव भी है। यही वजह है कि मंगलवार का मुकाबला भारतीय टीम के लिए आसान नहीं माना जा रहा है। भारत को चीन के खिलाफ अपनी आक्रामक रणनीति के साथ डिफेंस को भी बेहद मजबूत रखना होगा।

मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने भी भारत चीन मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बताया है। उनके मुताबिक विश्व रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के लिहाज से चीन भारतीय टीम के लिए टफ कांप्टीटर रहेगा। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत पहले एशियन गेम्स में चीन को हरा चुका है और इस मुकाबले में भी भारतीय टीम उलटफेर करने की क्षमता रखती है।

भारतीय टीम के लिए दीपिका की मौजूदगी भी काफी अहम मानी जा रही है। समीर दाद के मुताबिक पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना महिला हॉकी में आसान नहीं होता लेकिन दीपिका की ड्रैग फ्लिक भारत के लिए बड़ा हथियार बन सकती है। इसके अलावा नवनीत कौर का अनुभव और खेल को समझने की क्षमता टीम को मजबूती देती है। कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भी मुकाबले में अहम भूमिका निभा सकता है। अब सबकी नजर शाम 7 बजे होने वाले इस बड़े मुकाबले पर है जहां भारत जीत के साथ टूर्नामेंट में अपना दबदबा और मजबूत करने के इरादे से उतरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed