November 19, 2026

अस्पताल में कहासुनी से थाने तक पहुंचा मामला, कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया हिरासत में, भाजपा नेताओं के दबाव की भी चर्चा

0
untitled-1794382260

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में पारिवारिक विवाद को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता लोकेश हार्डिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मारपीट और धमकी देने के आरोप में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लोकेश कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के घर के पास मौजूद हैं। इसके बाद राजेंद्र नगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद शहर के राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। मामले में शिकायतकर्ता ने अस्पताल में हुए विवाद के बाद मारपीट और अपशब्द कहने के आरोप लगाए हैं।

जानकारी के मुताबिक राजेंद्र नगर पुलिस ने मंगलवार दोपहर अमित हार्डिया निवासी पारसी मोहल्ला की शिकायत पर लोकेश हार्डिया पिता मनमोहन हार्डिया निवासी हीरानगर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोकेश ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और धमकी देने के साथ मारपीट भी की। एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी।

अस्पताल में शुरू हुआ था विवाद

शिकायतकर्ता अमित हार्डिया के मुताबिक उनके भतीजे सुमित हार्डिया के बेटे आराध्य के पैर गर्म पानी से जल गए थे। बच्चे को इलाज के लिए चोइथराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान अमित की बहू बरखा का भाई लोकेश अस्पताल पहुंचा। वहां उसने अमित से सवाल किया कि उन्होंने उसकी बहन बरखा से यह क्यों कहा कि आराध्य के पैर जलने के पीछे उसकी गलती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि लोकेश ने अमित को अपशब्द कहे और उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट की। घटना के बाद अमित राजेंद्र नगर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गिरफ्तारी के लिए घर पहुंची थी पुलिस

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस लोकेश हार्डिया की तलाश में जुट गई थी। बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम रात में भी दो बार उनके घर पहुंची थी लेकिन वे वहां नहीं मिले। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि लोकेश हीरानगर क्षेत्र में कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे के घर के पास मौजूद हैं। इसके बाद राजेंद्र नगर पुलिस की टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।

सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा

इस पूरे मामले में राजनीतिक पहलू भी चर्चा का विषय बना हुआ है। सूत्रों के मुताबिक लोकेश हार्डिया सोशल मीडिया पर भाजपा नेताओं और पार्टी को लेकर पोस्ट और कमेंट करते रहते हैं। इसी वजह से भाजपा नेताओं की ओर से उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर दबाव बनाए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि इस संबंध में किसी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि कार्रवाई एफआईआर और अधिकारियों के निर्देश के आधार पर की गई है।

फिलहाल मामला पारिवारिक विवाद से शुरू होकर राजनीतिक चर्चाओं तक पहुंच गया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोकेश हार्डिया से आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर रही है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed