अमरकंटक मंदिर में पत्थर के हाथी के नीचे फंसा शख्स, बाहर निकालने महिला ने लगाया जुगाड़, वीडियो वायरल
हाथी के नीचे से निकलने की कोशिश में फंसा व्यक्ति
दरअसल, अमरकंटक के एक मंदिर में पत्थर का हाथी बना हुआ है। स्थानीय मान्यता है कि इस हाथी के नीचे से सफलतापूर्वक निकलने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। कुछ लोग इस परंपरा को पुराने कर्मों और पापों से मुक्ति की मान्यता से भी जोड़ते हैं।
इसी विश्वास के चलते एक व्यक्ति ने भी पत्थर के हाथी के नीचे से निकलने का प्रयास किया। वह हाथी के पैरों के बीच बने छोटे से रास्ते में घुस तो गया, लेकिन बाहर निकलते समय उसका शरीर बीच में ही अटक गया। स्थिति ऐसी हो गई कि वह न आगे बढ़ पा रहा था और न ही पीछे लौट पा रहा था।
महिला ने जेब से निकाला पर्स, लोगों को आया आइडिया
शख्स को फंसा देखकर आसपास मौजूद लोग उसे बाहर निकालने के उपाय सोचने लगे। इसी बीच एक महिला की नजर उसकी पिछली जेब में रखे पर्स पर पड़ी। महिला को लगा कि पर्स के कारण शरीर को बाहर निकालने के लिए जरूरी जगह और कम हो रही है।
इसके बाद महिला ने शख्स की जेब से पर्स निकाल लिया, ताकि उसे बाहर निकलने में थोड़ी आसानी हो सके। महिला का यह अनोखा जुगाड़ कैमरे में कैद हो गया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
A man got stuck while coming out from under an ancient stone elephant statue placed in the premises of the Maa Narmada Temple in Amarkantak, Madhya Pradesh https://t.co/NifNS2slZW
— Ghar Ke Kalesh (@gharkekalesh) November 23, 2026
वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स इस घटना पर मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने महिला के पर्स निकालने के तरीके को हाजिरजवाबी बताया, तो कुछ ने सवाल उठाया कि जब रास्ता इतना संकरा था, तो व्यक्ति ने अंदर जाने की कोशिश ही क्यों की।
एक यूजर ने मजाक में कहा कि व्यक्ति को पहले अपनी शारीरिक बनावट का अंदाजा लगा लेना चाहिए था। वहीं, कुछ लोगों ने इस घटना को आस्था के साथ सावधानी बरतने की जरूरत से जोड़कर देखा।
फिलहाल, पत्थर के हाथी के नीचे फंसे व्यक्ति और उसे निकालने के लिए महिला द्वारा अपनाए गए इस तरीके का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
