November 20, 2026

शिवपुरी में बेटियों का दमदार प्रदर्शन, महाराष्ट्र ने दौड़ में मारी बाजी तो उत्तर प्रदेश ने पोल वॉल्ट में जीता सोना

0
untitled-1795170610

शिवपुरी । शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। देशभर से आई युवा महिला खिलाड़ियों ने अलग अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन 100 मीटर और 3000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र की खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए। वहीं 400 मीटर दौड़ में तेलंगाना की खिलाड़ी ने बाजी मारी जबकि पोल वॉल्ट स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की प्रेक्षा पटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया।

100 मीटर दौड़ का फाइनल बेहद रोमांचक रहा। महाराष्ट्र की सबरी संदीप ने शानदार गति दिखाते हुए 11.80 सेकंड में रेस पूरी की और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। महाराष्ट्र की ही पटोक्रिशा ने 12.01 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक जीता। दिल्ली की अमियारा खोंसला ने 12.07 सेकंड में दौड़ पूरी करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में खिलाड़ियों के बीच शुरुआत से ही कड़ा मुकाबला देखने को मिला और फिनिश लाइन तक पदक की स्थिति को लेकर रोमांच बना रहा।

3000 मीटर दौड़ में भी महाराष्ट्र की खिलाड़ी का दबदबा देखने को मिला। हिमांशी प्रवीण ने 10 मिनट 12.64 सेकंड में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक हासिल किया। तमिलनाडु की थनिष्का ने 10 मिनट 13.94 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं महाराष्ट्र की रूही गिरीशराम ने 10 मिनट 13.97 सेकंड में रेस पूरी कर कांस्य पदक जीता। रूही महज 0.03 सेकंड के अंतर से रजत पदक से चूक गईं। बेहद मामूली अंतर से पदक का स्थान बदलने के कारण यह मुकाबला प्रतियोगिता के सबसे करीबी मुकाबलों में शामिल रहा।

400 मीटर फाइनल में तेलंगाना की नल्लावेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 55.89 सेकंड में रेस पूरी की और स्वर्ण पदक जीत लिया। केरल की अलका सिनौज ने 56.14 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि केरल की इवानाटोमी ने 56.58 सेकंड में दौड़ पूरी कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

पोल वॉल्ट में उत्तर प्रदेश की प्रेक्षा पटेल ने अपनी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 2.80 मीटर की ऊंचाई पार करते हुए स्वर्ण पदक जीता। ओडिशा की लेंका ने 2.70 मीटर की छलांग के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि तमिलनाडु की तनिष्का श्री ने 2.60 मीटर की ऊंचाई पार कर कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में देश के अलग अलग राज्यों से पहुंची बालिका खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने खेल परिसर में मौजूद दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। दूसरे दिन के परिणामों ने यह भी दिखाया कि देश के विभिन्न राज्यों में बालिका एथलेटिक्स की प्रतिभाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed