PPE किट से लेकर कार के डैशबोर्ड और जींस तक प्लास्टिक की पहुंच: इंदौर के प्लास्ट पैक-2026 में दिखी उद्योग की नई तकनीक और भविष्य की संभावनाएं
लाभगंगा एग्जीबिशन सेंटर में चल रही इस प्रदर्शनी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्योग विशेषज्ञों और उद्यमियों ने प्लास्टिक के नए उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने बताया कि फार्मास्यूटिकल सेक्टर में प्लास्टिक की उपयोगिता लगातार बढ़ रही है। IV फ्लूइड की बोतलें इंजेक्शन मेडिकल मास्क और कैथेटर जैसे उपकरणों में इसका इस्तेमाल होता है। कोरोना महामारी के समय भी प्लास्टिक उद्योग ने देश की जरूरत के अनुसार बड़े पैमाने पर PPE किट तैयार की थीं। उनकी एसोसिएशन के माध्यम से देशभर में इनका निर्माण और वितरण किया गया था जिससे स्वास्थ्यकर्मियों को संक्रमण से बचाने में मदद मिली।
प्लास्टिक का इस्तेमाल अब कपड़ा उद्योग में भी नए तरीके से हो रहा है। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम के मानद सचिव अंकित भारुका के अनुसार पुरानी PET प्लास्टिक बोतलों को रिसाइकिल करके उनसे फाइबर तैयार किया जा रहा है। इस फाइबर से जींस सहित कई तरह के कपड़े बनाए जा रहे हैं। यानी जिन बोतलों को कभी कचरा समझकर फेंक दिया जाता था वे दोबारा उपयोग में आकर कपड़ा उद्योग के लिए कच्चा माल बन रही हैं। केंद्र सरकार की EPR यानी एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पॉन्सिबिलिटी व्यवस्था भी प्लास्टिक कचरे के संग्रहण और पुनर्चक्रण को प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभा रही है।
ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी प्लास्टिक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। प्लास्ट पैक-2026 के चेयरमैन जाहिद शाह ने बताया कि आधुनिक कारों के डैशबोर्ड बंपर दरवाजों के साइड पैनल और इंटीरियर के कई हिस्से प्लास्टिक से बनाए जाते हैं। इससे वाहन का वजन कम रखने और बेहतर डिजाइन के साथ ईंधन दक्षता बढ़ाने में मदद मिलती है। उनके मुताबिक एक से डेढ़ टन वजन वाली कार में करीब 10 से 15 प्रतिशत और कुछ मामलों में 20 प्रतिशत तक प्लास्टिक का इस्तेमाल होता है जबकि विदेशी कारों में इसकी हिस्सेदारी करीब 30 प्रतिशत तक बताई गई है।
प्रदर्शनी में कृषि और पैकेजिंग क्षेत्र से जुड़े नए उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। खेती में मल्च फिल्म पॉलीहाउस कवरिंग प्लांटर बैग और एजोला बेड जैसे उत्पाद उपयोगी साबित हो रहे हैं। वहीं पुराने प्लास्टिक कचरे से पैलेट स्टोरेज बॉक्स और ट्रांसपोर्टेशन क्रेट तैयार किए जा रहे हैं। कंपोस्टेबल और बायोडिग्रेडेबल पैकेजिंग को भी पारंपरिक प्लास्टिक के विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है।
करीब 500 स्टॉल वाली इस प्रदर्शनी में प्लास्टिक उद्योग की नई मशीनों तकनीकों और उत्पादों को देखने का अवसर मिल रहा है। शनिवार देर शाम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भी प्रदर्शनी का दौरा कर उद्योग की संभावनाओं की सराहना की। रविवार को एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप के शामिल होने का कार्यक्रम है। विशेषज्ञों का मानना है कि प्लास्टिक की बढ़ती उपयोगिता के साथ उसके कचरे का जिम्मेदार प्रबंधन भी जरूरी है। बेहतर रिसाइक्लिंग पुन: उपयोग और पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के विकास से यह उद्योग आने वाले समय में कई क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
