November 29, 2026

दो महीने पुराना पानी की नली का विवाद बना किसान की मौत की वजह: खेत जाते समय पांच लोगों ने घेरकर बरसाए डंडे; उज्जैन में सनसनी

0
untitled-1795944921

उज्जैन । मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में पानी की पाइप काटने को लेकर शुरू हुआ दो महीने पुराना विवाद रविवार सुबह खूनी वारदात में बदल गया। भेरूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बोरमुंडला में खेत पर पानी देने जा रहे 55 वर्षीय किसान मेहरबान सिंह सोलंकी को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। हमले में किसान के सिर मुंह पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां कई घंटे तक चले उपचार के बाद दोपहर करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में तनाव और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक मेहरबान सिंह और दूसरे पक्ष के बीच पानी की पाइप को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के बेटे अर्जुन सिंह ने बताया कि दूसरे पक्ष की पानी की पाइप उनके घर की छत के ऊपर से गुजर रही थी। परिवार ने कई बार पाइप को वहां से हटाने के लिए कहा था लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। करीब दो महीने पहले मेहरबान सिंह ने विवादित पाइप काट दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच नाराजगी बनी हुई थी। परिवार का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उनके पिता को निशाना बनाया गया।

रविवार सुबह करीब 4:30 बजे मेहरबान सिंह अपने बेटे अर्जुन सिंह के साथ खेत पर पानी देने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जगदीश प्रकाश और मनोहर ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने पाइप काटने को लेकर सवाल-जवाब शुरू कर दिए। मेहरबान सिंह ने उन्हें बताया कि पाइप उनके घर की छत के ऊपर से गुजर रही थी इसलिए उन्होंने उसे काटा था। इसी बात पर कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जगदीश और प्रकाश ने डंडों से उनके पैरों पर वार किए जबकि मनोहर ने हाथ पर हमला किया।

बताया गया है कि विवाद के दौरान बद्री और राधेश्याम भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मारपीट और ज्यादा गंभीर हो गई। आरोप है कि राधेश्याम ने लकड़ी से मेहरबान सिंह के सिर मुंह और पीठ पर कई वार किए जबकि बद्री ने थप्पड़ और मुक्कों से हमला किया। अचानक हुए इस हमले में किसान गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। अर्जुन सिंह और धर्मेंद्र सिंह ने बीच-बचाव कर उन्हें आरोपियों से बचाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद परिजन घायल मेहरबान सिंह को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका। रविवार दोपहर करीब 1 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

भेरूगढ़ थाना प्रभारी बीएस रावत के मुताबिक ग्राम बोरमुंडला में पानी की नली काटने के विवाद को लेकर मेहरबान सिंह के साथ मारपीट की गई थी। पुलिस को घटना में छह लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली है। वहीं अर्जुन सिंह की शिकायत पर जगदीश प्रकाश मनोहर बद्री और राधेश्याम के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed