NDA में महिला कैडेट्स का ऐतिहासिक कमाल, गार्गी और दिव्या ने अपनी-अपनी स्ट्रीम में हासिल किया पहला स्थान..
पुणे स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में शनिवार को इस उपलब्धि की जानकारी दी गई। गार्गी और दिव्या को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अलग-अलग ट्रॉफी के साथ कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा। गार्गी को कंप्यूटर साइंस में शीर्ष स्थान हासिल करने पर चीफ ऑफ द नेवल स्टाफ ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। वहीं, आर्ट्स स्ट्रीम में प्रथम आने वाली दिव्या गोदारा को चीफ ऑफ द एयर स्टाफ ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। दोनों को कमांडेंट सिल्वर मेडल भी दिया जाएगा।
गार्गी पालीवाल राजस्थान के चित्तौड़गढ़ की रहने वाली हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस स्ट्रीम में पहला स्थान हासिल कर अपनी मेहनत और शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया है। उनके परिवार का भी सैन्य सेवाओं से गहरा जुड़ाव है। गार्गी के बड़े भाई भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, जबकि उनकी बहन आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। इस पारिवारिक पृष्ठभूमि ने उनके जीवन में रक्षा सेवाओं और अनुशासन के महत्व को करीब से समझने का अवसर दिया है।
अपनी सफलता के बारे में गार्गी ने बताया कि NDA में शुरुआती दौर उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। यहां पढ़ाई के साथ शारीरिक प्रशिक्षण और नियमित दिनचर्या के अनुरूप खुद को ढालना आसान नहीं था। हालांकि, समय के साथ उन्होंने प्रशिक्षण और अकादमिक गतिविधियों के बीच संतुलन बनाना सीख लिया। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, सीनियर्स और इंस्ट्रक्टर्स के सहयोग को दिया। गार्गी ने अपनी ट्रॉफी माता-पिता को समर्पित करते हुए कहा कि वरिष्ठ कैडेट्स और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनका आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस कोर्स में पुरुष कैडेट्स ने भी अपनी-अपनी स्ट्रीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साइंस स्ट्रीम में कैडेट आयुष कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। उन्हें चीफ ऑफ द आर्मी स्टाफ ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल प्रदान किया जाएगा। वहीं, बीटेक स्ट्रीम में पहले से छठे टर्म तक के ऑर्डर ऑफ मेरिट में कैडेट प्रशांत कुमार शीर्ष पर रहे। उन्हें मुख्यालय इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ के सीआईएससी की ट्रॉफी और कमांडेंट सिल्वर मेडल से सम्मानित किया जाएगा।
NDA के 151वें कोर्स की पासिंग आउट और दीक्षांत समारोह में कुल 365 कैडेट्स ने अपना ग्रेजुएशन पूरा किया। इनमें मित्र देशों के 12 कैडेट्स भी शामिल हैं। समारोह में डिफेंस इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड टेक्नोलॉजी (DIAT) के कुलपति डॉ. बीएचवीएस नारायण मूर्ति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी ने वर्ष 2022 में पहली बार महिला कैडेट्स के प्रवेश का रास्ता खोला था। इसके बाद से महिलाएं भी यहां पुरुष कैडेट्स के साथ सैन्य प्रशिक्षण और शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा ले रही हैं। अब चार साल बाद दो महिला कैडेट्स का अलग-अलग स्ट्रीम में शीर्ष स्थान हासिल करना संस्थान के लिए पहली ऐसी उपलब्धि है। गार्गी पालीवाल और दिव्या गोदारा की सफलता ने NDA में महिला कैडेट्स की शैक्षणिक क्षमता और प्रतिस्पर्धी प्रदर्शन को एक नई पहचान दी है।
