November 19, 2026

खाद्यान्न आपूर्ति में पूरी तरह सुरक्षित नहीं भारत.. आधे से ज्यादा जरूरतें आयात से हो रही पूर्णः नीति आयोग

0
00000000000000-1794641144

नई दिल्ली।
नीति आयोग (NITI Aayog) के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने शुक्रवार को कहा कि भारत (India) अभी विभिन्न खाद्य उत्पादों (Food Products) की आपूर्ति के मामले में पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। देश अपनी खाद्य तेल (Edible oil) की आधी से अधिक जरूरत आयात (Import) के जरिए पूरी करता है और दुनिया का सबसे बड़ा खाद्य तेल आयातक है। नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लाहिड़ी ने कहा कि भारत हर साल करीब 1.7 करोड़ टन खाद्य तेल का आयात करता है, जिसका मूल्य लगभग 20 अरब डॉलर है।

उन्होंने कहा कि भारत दलहनों का दुनिया का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता भी है। दुनिया में कुल दलहनों की खपत में भारत की हिस्सेदारी करीब एक चौथाई है। देश में हर साल लगभग 2.5 से 2.7 करोड़ टन दलहनों की खपत होती है। लाहिड़ी ने कहा, “हम वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित कृषि की बात कर रहे हैं। ऐसे में सवाल है कि क्या हम विभिन्न खाद्य उत्पादों की आपूर्ति के मामले में सुरक्षित हैं? शायद अभी नहीं।”


म्यांमा, अफ्रीका और रूस से भी आ रहा दाल

उन्होंने कहा कि उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि भारतीयों के खाने में इस्तेमाल होने वाला चना ऑस्ट्रेलिया से आता है, जबकि मसूर का आयात ऑस्ट्रेलिया और कनाडा से किया जाता है। कुछ अन्य दालें म्यांमा, अफ्रीका और रूस से भी आती हैं। उन्होंने कहा कि भारत इंडोनेशिया, मलेशिया, अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से खाद्य तेल और तिलहन जबकि ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, म्यांमा, अफ्रीका और रूस से दलहनें आयात करता है। इसमें सबसे बड़ी चिंता वैश्विक स्तर पर आपूर्ति बाधित होने या कीमतों में अचानक बढ़ोतरी का जोखिम है।


भारतीय कृषि में बर्बादी कम हो

लाहिड़ी ने कहा कि भारत में ज्यादातर लोगों के भोजन में दाल-चावल या दाल-रोटी शामिल होती है। ऐसे में इन जरूरी खाद्य वस्तुओं की आपूर्ति में कोई बाधा या कीमतों में अचानक उछाल रणनीतिक संकट का रूप ले सकता है। उन्होंने कहा कि गेहूं और धान की खेती के वर्चस्व को कम करने के साथ ही खाद्य तेल और दलहनों की खेती को बढ़ावा देना चाहिए, क्योंकि इन फसलों में पानी की खपत अपेक्षाकृत कम होती है। नीति आयोग के उपाध्यक्ष ने भारतीय कृषि में बर्बादी कम करने और उसे पूरी तरह खत्म करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed