राजनाथ सिंह ने युवाओं को दिया सफलता का मंत्र, बोले- आधुनिक बनें लेकिन अपनी संस्कृति और जड़ों को न भूलें
राजनाथ सिंह ने कहा कि आधुनिकता के तेजी से बदलते दौर में परंपराओं की जड़ें व्यक्ति को अपनी वास्तविक पहचान से जोड़े रखती हैं। जब युवा अपनी संस्कृति और विरासत की ओर लौटते हैं, तो उन्हें केवल अपनी पहचान का अहसास नहीं होता, बल्कि पारंपरिक ज्ञान से भी परिचित होने का अवसर मिलता है। यह ज्ञान उनके भीतर जिज्ञासा पैदा करता है और नई खोजों तथा नवाचार के लिए प्रेरित करता है। उनके अनुसार, आधुनिक तकनीक और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाकर ही मजबूत भविष्य तैयार किया जा सकता है।
रक्षा मंत्री ने भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के युवाओं और वैज्ञानिकों के प्रयासों से भारत अंतरिक्ष में सैटेलाइट डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता हासिल करने वाला दुनिया का चौथा देश बना है। उन्होंने इसे भारतीय वैज्ञानिक प्रतिभा और तकनीकी क्षमता का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। उनके मुताबिक, देश के युवा अपनी मेहनत, ज्ञान और नवाचार के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, प्रशिक्षण और अनुसंधान के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कई पहल की हैं। मेक इन इंडिया कार्यक्रम शुरू करने का मकसद देश में विनिर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करना है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं को बड़ी कंपनियों में काम करने और व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर देने की कोशिश की गई है।
राजनाथ सिंह ने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य देश के युवाओं को शोध और अनुसंधान के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। वैज्ञानिक सोच, तकनीकी विकास और नए प्रयोगों को प्रोत्साहन देना देश की प्रगति के लिए जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन अवसरों का लाभ उठाकर अपनी क्षमताओं को विकसित करने की अपील की।
दीक्षांत समारोह में डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि वे अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण पड़ाव पर खड़े हैं। अब उनके सामने संभावनाओं से भरी नई दुनिया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सपने और आकांक्षाएं केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनसे देश की सामूहिक प्रगति भी जुड़ी हुई है। सरकार युवाओं के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए अवसर और अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास का महत्व समझाते हुए कहा कि किसी व्यक्ति का भविष्य उसकी परिस्थितियों से ज्यादा उसके प्रयास तय करते हैं। युवाओं को नए रास्ते बनाने और जरूरत पड़ने पर उन पर अकेले आगे बढ़ने से भी नहीं डरना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल डिग्री किसी व्यक्ति की पूरी पहचान नहीं होती। अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को समझकर आगे बढ़ना अधिक महत्वपूर्ण है।
रक्षा मंत्री ने रोजगार और पेशेवर जीवन की चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि डिग्री किसी युवा को नौकरी का पहला अवसर दिला सकती है, लेकिन आगे उसकी पहचान कौशल, सीखने की क्षमता, पेशेवर ज्ञान और वास्तविक योग्यता से बनती है। लगातार सीखने और अपनी क्षमताओं को बेहतर बनाने से आत्मविश्वास विकसित होता है। यही आत्मविश्वास युवाओं को कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बनाता है।
