प्रियंका-राहुल गांधी समेत कई नेताओं पर दूसरी FIR, आकाशवाणी भवन में जाने की कोशिश और पुलिस से धक्कामुक्की का आरोप
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं और समर्थकों ने आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि इसके लिए किसी तरह की अनुमति नहीं ली गई थी। प्रदर्शनकारियों की इस कोशिश के दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। पुलिस का कहना है कि इस घटनाक्रम में आकाशवाणी भवन के दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं। दोनों का मेडिकल कराया गया है। पुलिस ने प्रदर्शन वाली जगह और भवन परिसर की तस्वीरें भी जुटाई हैं। इसके अलावा कुछ दीवारों को नुकसान पहुंचने की बात भी पुलिस की ओर से कही गई है।
FIR में सरकारी काम में बाधा डालने और सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित बदसलूकी से जुड़े आरोपों को शामिल किया गया है। पुलिस प्रदर्शन के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। आकाशवाणी भवन में प्रवेश की कोशिश, सुरक्षाकर्मियों के साथ हुई कथित धक्का-मुक्की और परिसर में हुए नुकसान से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। मामले में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा के अलावा कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम दर्ज किए गए हैं।
नई FIR को लेकर राहुल गांधी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पहले ही 45 FIR दर्ज हैं और उनके लिए हर FIR एक “मेडल” की तरह है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उनका लक्ष्य 100 FIR तक पहुंचने का है। उनके इस बयान के बाद मामले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आई है। कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया है। पार्टी का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को उठाने के कारण विपक्षी नेताओं के खिलाफ मामले दर्ज किए जा रहे हैं।
चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन को लेकर पहले से ही राजनीतिक विवाद बना हुआ है। विपक्षी नेता SIR से जुड़े मुद्दों और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां सामने रख रहे हैं। इसी दौरान प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की स्थिति भी बनी। अब दूसरी FIR दर्ज होने के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच बयानबाजी और तेज हो गई है। एक तरफ पुलिस प्रदर्शन के दौरान सरकारी काम में रुकावट और सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित धक्का-मुक्की को आधार बनाकर कार्रवाई कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे राजनीतिक कार्रवाई बता रही है। इस मामले में पुलिस द्वारा जुटाए गए फोटो और अन्य जानकारी जांच का हिस्सा हैं।
