November 20, 2026

जैकी श्रॉफ ने बताई दिली ख्वाहिश, बोले- खेती से मिलता है सुकून, अब गायकी सीखने की है इच्छा…

0
3-1795158186-1
नई दिल्ली ।बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ अपनी आगामी फिल्म ‘काली खेती’ के जरिए दर्शकों के सामने एक अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह हॉरर के माहौल के बीच दर्शकों को डराते दिखाई देंगे। फिल्म को लेकर अभिनेता ने अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि ‘काली खेती’ उनकी पिछली फिल्मों से किस तरह अलग है। इसके साथ ही उन्होंने हॉरर फिल्मों के प्रति अपने नजरिये, बचपन में महसूस किए गए डर, साथी कलाकार शरद केलकर के साथ काम करने और भविष्य की योजनाओं पर भी खुलकर बातचीत की। इस दौरान जैकी ने अपनी एक दिली ख्वाहिश का भी खुलासा किया। उनका कहना है कि उन्हें गाने का बहुत शौक है और वह भविष्य में गायकी सीखना चाहते हैं।

‘काली खेती’ में डर का अलग अंदाज

जैकी श्रॉफ के मुताबिक, ‘काली खेती’ अपने विषय और प्रस्तुति के कारण खास है। उन्होंने बताया कि इस फिल्म में डर का रंग ही काला है। इससे पहले भी वह ऐसी फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें हॉरर के साथ कॉमेडी का मिश्रण देखने को मिला था। एक फिल्म में उन्होंने भूत का किरदार निभाया था, जो बच्चों को बचाता था, उनके साथ खेलता था और उनकी इच्छाएं पूरी करता था। वहीं, उनकी फिल्म ‘100 डेज’ एक थ्रिलर थी। लेकिन ‘काली खेती’ पूरी तरह हॉरर फिल्म है। इसमें दर्शकों को हंसाने के बजाय डराने पर ज्यादा ध्यान दिया गया है।

पहाड़ पर अकेले होने का अनुभव आज भी याद

शूटिंग के दौरान डर महसूस होने के सवाल पर अभिनेता ने बताया कि फिल्म के सेट पर बड़ी संख्या में कलाकार और तकनीकी टीम मौजूद रहती है। ऐसे माहौल में डरने का अवसर कम ही मिलता है। हालांकि, उन्होंने अपने जीवन का एक पुराना अनुभव साझा किया, जब वह पहाड़ पर अकेले रह गए थे।

जैकी ने बताया कि एक बार उनके दोस्त आगे निकल गए थे और वह ट्रेन से मुंबई लौट रहे थे। गलती से वह एक स्टेशन आगे उतर गए। वापस लौटने में देर हो गई और चारों तरफ अंधेरा छा गया। उन्हें करीब तीन स्टेशन तक पैदल चलना था। शुरुआती रास्ते पर रोशनी थी, लेकिन पहाड़ की ओर बढ़ने के साथ अंधेरा गहराता गया। आसमान में चांद की रोशनी थी और सड़क पर वह बिल्कुल अकेले थे। उस समय उन्हें बचपन में देखी एक फिल्म याद आने लगी थी।

शरद केलकर के साथ काम करने का अनुभव

फिल्म में शरद केलकर के साथ काम करने को लेकर जैकी श्रॉफ ने सकारात्मक अनुभव साझा किया। उन्होंने शरद को सहज और लचीले स्वभाव का कलाकार बताया। उनके अनुसार, दोनों कलाकारों के बीच काम के दौरान अच्छा तालमेल रहा। पूरी टीम साथ बैठती, खाना खाती और एक-दूसरे को समझने की कोशिश करती थी। जरूरत पड़ने पर सभी एक-दूसरे की मदद भी करते थे। जैकी ने बताया कि फिल्म में उनके बच्चे का किरदार निभाने वाले कलाकार के साथ भी टीम का अच्छा तालमेल रहा। उनके मुताबिक, जब कलाकारों के बीच आपसी समझ और सहयोग होता है तो काम करना आसान हो जाता है।

खेती से जुड़ा है खास लगाव

खेतों में शूटिंग के अनुभव पर जैकी ने कहा कि उन्हें खेतों में रहना हमेशा अच्छा लगता है। खेती उनके लिए सुकून का जरिया है। फिल्म में खेतों को भले ही डरावने माहौल के रूप में दिखाया गया हो, लेकिन वास्तविक जीवन में उनका खेती से जुड़ाव प्यार और शांति का है। उन्होंने माना कि किसी अनजान जगह पर अंधेरे में अकेले रहने से डर लग सकता है, लेकिन खेत और खेती उनके लिए डर का नहीं, बल्कि सुकून का प्रतीक हैं।

हर तरह के किरदार करना चाहते हैं जैकी

अभिनेता ने कहा कि उन्होंने कभी अपनी छवि को लेकर खुद को सीमित नहीं किया। ‘राम लखन’, ‘मिशन कश्मीर’ और ‘परिंदा’ जैसी फिल्मों से लेकर साई बाबा के किरदार तक उन्होंने अलग-अलग भूमिकाएं निभाई हैं। उनका मानना है कि कलाकार को एक ही तरह की छवि में बंधकर नहीं रहना चाहिए। उसे अलग-अलग तरह के किरदार निभाने के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए।

गायकी सीखने की है इच्छा

जैकी श्रॉफ ने अपनी एक खास इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें गाना बहुत पसंद है। हालांकि, उनका मानना है कि उनकी आवाज में उतना दम नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वह गायकी सीखना चाहते हैं। यदि भविष्य में मौका मिला तो वह जरूर संगीत की शिक्षा लेंगे।

आगामी काम को लेकर उन्होंने बताया कि वह शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ में कैमियो कर रहे हैं। इसके अलावा निर्देशक वामशी के साथ भी उनका कुछ काम चल रहा है। जैकी के मुताबिक, उन्हें हर महीने लगभग दो शूटिंग करने का अवसर मिल जाता है। उनका मानना है कि जब तक शरीर साथ दे रहा है और दर्शकों के लिए काम करने के मौके मिल रहे हैं, तब तक सक्रिय रहना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *