मुंबई में चार मंजिला इमारत की बालकनी गिरने से एक की मौत और 13 घायल

मुंबई। मुंबई में हो रही मूसलधार बारिश आफत बन गई है। पिछले 72 घंटों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया है। इस दौरान ग्रांट रोड स्टेशन के पास एक पुरानी इमारत की बालकनी और स्लैब ढहने से एक महिला की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा नियंत्रण विभाग के अनुसार मलबा हटाया जा रहा है।

घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। ग्रांट रोड स्टेशन के पास स्थित रुबिनिसा मंजिल इमारत की दूसरी और तीसरी मंजिल की बालकनी और स्लैब का एक हिस्सा ढह गया। एक हिस्सा लटका है। यह इमारत चार मंजिला है। इसकी सबसे ऊपरी मंजिल पर सात से आठ लोग फंसे थे। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और नागरिक कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य जारी किया।

करीब एक घंटे बाद एक शव निकाला गया। वहीं घायलों को नजदीक के भाटिया अस्पताल ले जाया गया। बीएमसी आपदा नियंत्रण ने कहा कि मलबे में अभी कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। बता दें कि यह मुंबई में इस मानसून सीजन की पहली बड़ी मकान दुर्घटना है। बता दें कि शुक्रवार-शनिवार मध्यरात्रि से मुंबई में भारी बारिश हो रही है।