November 19, 2026

दिवाली-छठ के बाद महंगाई का झटका, सैमसंग और रेडमी के स्मार्टफोन 18.75 प्रतिशत तक महंगे, दुकानदारों की बढ़ी चिंता

0
24-1794831064
नई दिल्ली । दिवाली और छठ के त्योहारों के बाद स्मार्टफोन खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को महंगाई का झटका लगा है। सैमसंग और शाओमी ने अपने कई स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। कुछ मॉडल के दाम 18.75 प्रतिशत तक बढ़ाए गए हैं। इस बदलाव का असर बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन खरीदने वाले ग्राहकों पर पड़ सकता है। सैमसंग की एम और एफ सीरीज के कई फोन महंगे हुए हैं, जबकि शाओमी ने अपने रेडमी ब्रांड की ए सीरीज, नंबर सीरीज और टर्बो सीरीज के चुनिंदा मॉडल की कीमतें बढ़ाई हैं। इसके अलावा कंपनी ने अपने कई स्मार्ट टीवी भी महंगे कर दिए हैं।

कीमतों में इस बढ़ोतरी को लेकर मोबाइल कारोबारियों ने चिंता जताई है। ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन (AIMRA) का कहना है कि बाजार में पहले से ही ऑनलाइन और ऑफलाइन बिक्री के बीच प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। ऐसे समय में स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ने से पारंपरिक दुकानों पर बिक्री की रफ्तार और धीमी हो सकती है। संगठन ने कंपनियों से खुदरा कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखने की मांग की है।

सैमसंग ने अपने Galaxy M और Galaxy F सीरीज के कई स्मार्टफोन महंगे किए हैं। Galaxy M17e और Galaxy F70e 5G के 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले वेरिएंट की कीमत 18,499 रुपये से बढ़ाकर 20,499 रुपये कर दी गई है। इनकी कीमत में 10.81 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, इन दोनों फोन के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट के दाम 21,499 रुपये से बढ़कर 23,499 रुपये हो गए हैं।

Galaxy M17 5G के अलग-अलग वेरिएंट भी महंगे हुए हैं। इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 19,999 रुपये से बढ़ाकर 21,999 रुपये कर दी गई है। 6GB रैम वाले वेरिएंट का दाम 22,999 रुपये से बढ़कर 24,999 रुपये हो गया है। वहीं, 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल अब 25,999 रुपये के बजाय 27,999 रुपये में मिलेगा।

शाओमी के रेडमी स्मार्टफोन की कीमतों में भी अलग-अलग स्तर पर बढ़ोतरी हुई है। Redmi A7 के 3GB रैम और 64GB स्टोरेज मॉडल का दाम 12,999 रुपये से बढ़ाकर 14,999 रुपये कर दिया गया है। Redmi A7 Pro के 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 13,999 रुपये से बढ़कर 15,999 रुपये हो गई है। सबसे अधिक बढ़ोतरी Redmi A7 Pro 5G के 4GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल में दर्ज की गई है। इसकी कीमत 15,999 रुपये से बढ़कर 18,999 रुपये हो गई है, यानी इसमें 18.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इसके अलावा Redmi 15A, Redmi 17C और Redmi 17 सीरीज के कई मॉडल भी महंगे हुए हैं। Redmi Note 17 5G के 6GB रैम और 128GB स्टोरेज वेरिएंट की कीमत 27,999 रुपये से बढ़कर 30,999 रुपये हो गई है। वहीं, Redmi Note 17 Pro 5G के 8GB रैम और 128GB स्टोरेज मॉडल का दाम 36,999 रुपये से बढ़ाकर 40,999 रुपये कर दिया गया है। Redmi Turbo 5 5G के दोनों बताए गए वेरिएंट की कीमतों में भी 2,000 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

स्मार्ट टीवी खरीदने वालों को भी अतिरिक्त कीमत चुकानी पड़ेगी। शाओमी ने अपने 32 इंच Smart TV F 2025 मॉडल का दाम 1,000 रुपये बढ़ाकर 14,999 रुपये कर दिया है। 43 इंच के टीवी मॉडल की कीमतों में 500 से 1,500 रुपये तक की वृद्धि हुई है। वहीं, 65 और 75 इंच के स्मार्ट टीवी अब 3,000 रुपये तक महंगे हो गए हैं।

AIMRA ने कंपनियों से ब्याज आधारित ईएमआई की सुविधा शुरू करने की मांग की है, ताकि ग्राहक किस्तों में खरीदारी कर सकें। संगठन ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर विशेष रूप से चुनिंदा उत्पादों की सप्लाई बंद करने और ऑनलाइन तथा ऑफलाइन कारोबारियों को समान अवसर देने की भी मांग उठाई है। खुदरा कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी और ऑनलाइन बाजार की प्रतिस्पर्धा का दबाव छोटे दुकानदारों के कारोबार को और प्रभावित कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *