October 8, 2026

MP में खुलेंगे निवेश और रोजगार के नए रास्ते, जबलपुर से उज्जैन तक उद्योगों की नजर, धार में ₹7500 करोड़ की परियोजना प्रस्तावित

0
untitled-1791461826

भोपाल । मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में सरकार लगातार बड़े औद्योगिक समूहों के साथ चर्चा कर रही है। मुंबई में आयोजित मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कई प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात कर प्रदेश में नए निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान RPG ग्रुप ने विद्युत पारेषण टायर निर्माण और आईटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाएं तलाशने में रुचि दिखाई। वहीं वेलस्पन समूह ने पाइप निर्माण टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश पर चर्चा की। इसके अलावा भिलोसा इंडस्ट्रीज ने धार के पीएम मित्र पार्क में चरणबद्ध तरीके से ₹7500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है।

RPG ग्रुप के अध्यक्ष हर्ष गोयनका के साथ हुई चर्चा में जबलपुर में विद्युत पारेषण क्षेत्र में निवेश की संभावना पर विशेष रूप से बातचीत हुई। कंपनी ने मध्यप्रदेश की औद्योगिक सुविधाओं कुशल कार्यबल और भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए नई औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखाई। टायर निर्माण इकाई के लिए रतलाम सागर और जबलपुर जैसे शहरों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। कंपनी इन क्षेत्रों में उपलब्ध औद्योगिक सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं का आकलन करने के बाद आगे की प्रक्रिया पर निर्णय ले सकती है।

आईटी क्षेत्र में निवेश के लिए उज्जैन को भी संभावित स्थान के तौर पर देखा जा रहा है। RPG समूह की टीम संभावित स्थलों का दौरा कर सुविधाओं और कारोबारी संभावनाओं का आकलन करेगी। इस दौरान उज्जैन के आईटी बिल्ट अप पार्क में उपलब्ध प्लग एंड प्ले सुविधाओं के इस्तेमाल की संभावना पर भी चर्चा हुई। इससे कंपनी को तैयार बुनियादी ढांचे के जरिए अपनी आईटी गतिविधियां शुरू करने में मदद मिल सकती है।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने वेलस्पन एंटरप्राइजेज के प्रबंध निदेशक संदीप गर्ग से मुलाकात की। बैठक में पाइप निर्माण टेक्निकल टेक्सटाइल और अधोसंरचना क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। वेलस्पन समूह ने मिल की जमीन पर टेक्निकल टेक्सटाइल पार्क विकसित करने में रुचि दिखाई है। समूह की ओर से पार्क में एंकर यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया। कंपनी अपनी टीम भेजकर प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करेगी।

बैठक में वेलस्पन कॉर्प की एमएस लाइन पाइप क्षेत्र में ₹150 करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही सिंटेक्स के करीब ₹700 करोड़ के प्रगतिरत निवेश का उल्लेख किया गया। रायसेन और देवास में समूह की मौजूदगी को देखते हुए पाइप और टेक्सटाइल गतिविधियों के विस्तार की संभावनाएं भी तलाशी गईं। सड़क निर्माण और जल एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन परियोजनाओं में समूह की भागीदारी पर भी बातचीत हुई।

इसी निवेश संवाद में भिलोसा इंडस्ट्रीज ने धार के पीएम मित्र पार्क में बड़ी परियोजना स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। कंपनी चरणबद्ध तरीके से करीब ₹7500 करोड़ का निवेश करने की योजना पर काम कर रही है। शुरुआती चरण में ₹2500 करोड़ का पूंजी निवेश प्रस्तावित है। परियोजना के लिए 200 एकड़ जमीन टेक्सटाइल निर्माण और 100 एकड़ जमीन सहायक इकाइयों के लिए प्रस्तावित है। उत्पादन वर्ष 2028 से शुरू करने का लक्ष्य बताया गया है।

प्रस्तावित परियोजना में पॉलिएस्टर यार्न फाइबर निटेड फैब्रिक और मैन मेड फाइबर आधारित नॉन गारमेंट फैब्रिक का उत्पादन किया जाएगा। इससे धार और इंदौर क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों के साथ रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। प्रस्ताव के अनुसार परियोजना से करीब 3750 प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

इन निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने और एकल खिड़की व्यवस्था के जरिए अनुमतियों को आसान बनाने की बात कही है। यदि प्रस्तावित परियोजनाएं आगे बढ़ती हैं तो मध्यप्रदेश में ऊर्जा टेक्सटाइल आईटी पाइप और अधोसंरचना जैसे कई क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *