November 19, 2026

क्या सलीम-जावेद की नाराजगी बनी थी राजेश खन्ना के करियर में गिरावट की वजह, सलीम खान ने बताई अंदर की कहानी

0
13-1794733764
नई दिल्ली ।राजेश खन्ना हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार माने जाते हैं। एक समय ऐसा था जब उनकी लोकप्रियता का मुकाबला करना किसी भी अभिनेता के लिए आसान नहीं था। उनकी फिल्मों को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलता था और उनकी एक झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब रहते थे। हालांकि, शानदार सफलता हासिल करने के बाद उनके करियर में गिरावट का दौर भी आया। इस बदलाव के पीछे कई कारण बताए जाते हैं। इनमें उनका व्यवहार, फिल्मों के चयन और बदलते फिल्मी दौर को प्रमुख वजह माना गया। इसी दौरान मशहूर लेखक जोड़ी सलीम-जावेद के साथ उनके मतभेदों की चर्चा भी खूब हुई।

राजेश खन्ना के करियर में गिरावट को लेकर एक समय ऐसी बातें सामने आई थीं कि सलीम खान और जावेद अख्तर ने जानबूझकर उनकी लोकप्रियता कम करने और अमिताभ बच्चन को बड़े अभिनेता के रूप में स्थापित करने की योजना बनाई थी। हालांकि, सलीम खान ने इन आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने राजेश खन्ना के साथ अपने रिश्तों और मतभेदों के पीछे की वजह भी बताई थी।

अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता से बदलने लगा था दौर

राजेश खन्ना जब हिंदी फिल्मों में सुपरस्टार के रूप में स्थापित हो चुके थे, उसी समय अमिताभ बच्चन ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनानी शुरू की। दोनों कलाकारों ने साथ में भी फिल्में कीं। धीरे-धीरे अमिताभ बच्चन के किरदारों को दर्शकों का अच्छा समर्थन मिलने लगा। खासकर गंभीर और मजबूत भूमिकाओं के जरिए अमिताभ की लोकप्रियता बढ़ने लगी। इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री में स्टारडम का समीकरण बदलने लगा।

इस बदलाव के बीच सलीम-जावेद की जोड़ी का नाम भी चर्चा में आया। दोनों लेखकों ने राजेश खन्ना के लिए कई सफल फिल्मों की पटकथा और कहानी लिखी थी। उनकी लिखी फिल्मों ने अभिनेता की लोकप्रियता को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। लेकिन बाद में उनके बीच रचनात्मक मतभेद पैदा हो गए और यह साझेदारी पहले जैसी नहीं रही।

फिल्म भोला-भाला को लेकर हुआ था मतभेद

राजेश खन्ना और सलीम-जावेद के बीच तनाव की एक बड़ी वजह फिल्म भोला-भाला को बताया जाता है। सलीम खान के मुताबिक, यह फिल्म एक मराठी फिल्म पर आधारित थी और राजेश खन्ना इसे हिंदी में बनाना चाहते थे। उन्होंने इसकी पटकथा लिखने की जिम्मेदारी सलीम-जावेद को दी थी। इस फिल्म में राजेश खन्ना डबल रोल करना चाहते थे, लेकिन दोनों लेखक रचनात्मक रूप से इस विचार से सहमत नहीं थे।

सलीम खान ने बताया था कि राजेश खन्ना को लगता था कि उन्होंने सलीम-जावेद को आगे बढ़ने में मदद की है और उन्हें अवसर दिया है। हालांकि, सलीम खान के अनुसार, उन्हें सिप्पी फिल्म्स में पहले ही नौकरी मिल चुकी थी। बाद में राजेश खन्ना फिल्म अंदाज के सिलसिले में वहां पहुंचे थे। ऐसे में जब लेखकों ने उनकी बात से असहमति जताई तो उन्हें यह बात पसंद नहीं आई। सलीम खान के मुताबिक, राजेश खन्ना को अपनी बात का विरोध स्वीकार करना मुश्किल लगता था।

जंजीर और दीवार के बाद बढ़ीं चर्चाएं

इसके बाद अमिताभ बच्चन की फिल्म जंजीर आई, जिसने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई। फिर सलीम-जावेद ने अमिताभ के साथ दीवार जैसी चर्चित फिल्म पर काम किया। इन फिल्मों की सफलता के बाद अमिताभ बच्चन का स्टारडम तेजी से बढ़ा। इसी दौरान राजेश खन्ना को लगने लगा कि जिन लेखकों के साथ उन्होंने काम किया था, वे अब दूसरे अभिनेता के लिए मजबूत भूमिकाएं लिख रहे हैं।

करियर खत्म करने की साजिश के आरोपों पर क्या बोले सलीम खान?

सलीम खान से जब पूछा गया कि क्या उन्होंने और जावेद अख्तर ने जानबूझकर राजेश खन्ना का करियर कमजोर करने और अमिताभ बच्चन को आगे बढ़ाने की योजना बनाई थी, तो उन्होंने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। उनका कहना था कि किसी की सफलता की नकल करके वैसी ही सफलता हासिल नहीं की जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजेश खन्ना के करियर को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

सलीम खान ने यह भी कहा कि उस दौर में कोई सोच भी नहीं सकता था कि राजेश खन्ना से बड़ा कोई स्टार बन सकता है। उनके मुताबिक, सलीम-जावेद के पास ऐसा कोई अधिकार नहीं था कि वे किसी को चुनकर दूसरे अभिनेता के मुकाबले खड़ा कर दें। इस तरह उन्होंने राजेश खन्ना के करियर में गिरावट के पीछे साजिश होने की बात को पूरी तरह गलत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed