November 19, 2026

श्योपुर में खैर की कटाई रोकने पहुंची वन विभाग की टीम पर फायरिंग, दो गोलियां चलाकर तस्करों ने दी जान से मारने की धमकी

0
22-1794736452

मध्य प्रदेश:
के श्योपुर जिले में जंगलों की सुरक्षा के लिए पहुंची वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों द्वारा फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। खैर के पेड़ों की अवैध कटाई रोकने पहुंची टीम को आरोपितों ने घेरने का प्रयास किया और कथित तौर पर देशी कट्टों से दो गोलियां चला दीं। इस दौरान वनकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी गई। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पेड़ काटने में इस्तेमाल होने वाली दो चेनशा मशीन और एक बैटरी जब्त कर ली।

घटना सामान्य वन मंडल के वन परिक्षेत्र विजयपुर पूर्व की नितनवास बीट की है। वन विभाग को सूचना मिली थी कि जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की जा रही है। सूचना मिलते ही वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। वहां करीब पांच लोग दो चेनशा मशीन और बैटरी की मदद से पेड़ काटते हुए मिले। टीम ने जब उन्हें रोकने और पकड़ने का प्रयास किया तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मौके पर मौजूद लोगों में से सुगर सिंह पुत्र सोबरन गुर्जर और मातादीन पुत्र सोबरन गुर्जर की पहचान हुई है। दोनों ग्राम मरा, थाना पहाड़गढ़, तहसील जौरा, जिला मुरैना के निवासी बताए गए हैं। वन विभाग के अनुसार, आरोपितों ने कार्रवाई से बचने के लिए कर्मचारियों पर देशी कट्टों से दो फायर किए। इसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। अचानक हुई इस घटना के बावजूद वनकर्मियों ने मौके से कटाई में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त कर लिए।

मामले में वन विभाग ने वन अपराध प्रकरण क्रमांक 375/01 दर्ज किया है। यह प्रकरण 13 नवंबर 2026 को दर्ज किया गया। विभाग की ओर से पांच आरोपियों के खिलाफ थाना पहाड़गढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया है। पुलिस स्तर पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। वन विभाग अब इस मामले में शामिल सभी लोगों की भूमिका और अवैध कटाई से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।

इसी बीच जिले में वनभूमि पर अतिक्रमण की कोशिश को लेकर भी वन विभाग ने कार्रवाई की है। वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत 12 से 24 नवंबर तक जंगलों में विशेष निगरानी और गश्त की जा रही है। इसी अभियान के दौरान वन परिक्षेत्र बुढेरा की पिपरानी बीट में वन अमले ने करीब दो हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जे का प्रयास विफल कर दिया।

वनचौकी प्रभारी एवं उपवनक्षेत्रपाल सत्यप्रकाश गौड़ के नेतृत्व में टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान वनभूमि पर लकड़ी के खंभे लगाकर तीन कतारों में कांटेदार तार की बाड़ बनाई हुई मिली। इससे जमीन को घेरकर कब्जा करने की कोशिश किए जाने की जानकारी सामने आई। वनकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और वहां लगाया गया तार जब्त कर लिया। साथ ही अतिक्रमण के प्रयास को हटवा दिया गया।

वन विभाग ने वनभूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की है। विभाग का कहना है कि जंगलों में अवैध कटाई, लकड़ी की तस्करी और वनभूमि पर अतिक्रमण रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त जारी रहेगी और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। श्योपुर में वनकर्मियों पर हुई फायरिंग की घटना के बाद जंगलों की सुरक्षा और कर्मचारियों की सुरक्षा का मुद्दा भी महत्वपूर्ण हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed