November 19, 2026

शिवपुरी भाजपा महिला मोर्चा की नई टीम घोषित, OBC को 10 और SC को 5 पद, ST प्रतिनिधित्व शून्य

0
28-1794915953
मध्य प्रदेश | शिवपुरी भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा ने शिवपुरी जिले में अपनी नई जिला कार्यकारिणी घोषित कर दी है। 29 सदस्यीय इस टीम में पुराने अनुभवी पदाधिकारियों के साथ नए चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई है। संगठन ने सामान्य, पिछड़ा और अनुसूचित जाति वर्ग के साथ अल्पसंख्यक समुदाय की महिला को भी जगह दी है। हालांकि, नई कार्यकारिणी में अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग की एक भी महिला को शामिल नहीं किया गया है। जिले में सहरिया आदिवासी समुदाय की बड़ी आबादी होने के कारण इस फैसले को लेकर सामाजिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा चर्चा में आ गया है।

जिला अध्यक्ष शैलजा लवंगीकर की ओर से घोषित कार्यकारिणी में सामान्य वर्ग को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व मिला है। इस वर्ग से करीब 13 महिलाओं को अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पिछड़ा वर्ग से 10 महिलाओं को शामिल किया गया है, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की पांच महिलाओं को पदाधिकारी बनाया गया है। अल्पसंख्यक समुदाय से सबा मल्लिक को जिला मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके विपरीत अनुसूचित जनजाति वर्ग का खाता नहीं खुला और किसी भी महिला को कार्यकारिणी में स्थान नहीं मिला।

सामान्य वर्ग से ज्योति जोशी को महामंत्री बनाया गया है। कंचन शर्मा को कोषाध्यक्ष और किरन शर्मा को मीडिया सह-प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। राधा शर्मा को नीति एवं शोध सह-प्रभारी, अंशु भारद्वाज को सोशल मीडिया प्रभारी और रुक्मणी ओझा को प्रशिक्षण सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। चीनू भार्गव को लाभार्थी सह-प्रभारी बनाया गया है। अनुसुइया गुप्ता को कार्यालय मंत्री और सीमा गुप्ता को प्रचार-प्रसार सह-प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसी वर्ग से मणिमाला गुप्ता को मन की बात प्रभारी, चंदर मेहता को प्रचार-प्रसार प्रभारी बनाया गया है। नीलम चंदेल और आरती परिहार को भी कार्यकारिणी में जिम्मेदारी दी गई है। इस तरह सामान्य वर्ग की महिलाओं को संगठन के विभिन्न विभागों और गतिविधियों में शामिल किया गया है।

पिछड़ा वर्ग से गायत्री राठौर को महामंत्री और रचना राठौर को जिला मंत्री बनाया गया है। अर्चना राठौर को नीति एवं शोध प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। खुशबू कुशवाह और लक्ष्मी कुशवाह को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। फैंसी लोधी को सह-कोषाध्यक्ष, प्रियंका यादव को सोशल मीडिया सह-प्रभारी और मछला रावत को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। रजनी शिवहरे को लाभार्थी प्रभारी तथा कल्पना पार्रा को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अनुसूचित जाति वर्ग से गीता रजक और सीमा शाक्य को उपाध्यक्ष बनाया गया है। लक्ष्मी बुनकर को मन की बात सह-प्रभारी, शीला अतेरिया को कार्यालय सह-मंत्री और किरन बरेड़िया को प्रशिक्षण प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अल्पसंख्यक समुदाय से सबा मल्लिक को जिला मंत्री बनाया गया है।

नई कार्यकारिणी में अलग-अलग सामाजिक वर्गों की महिलाओं को जिम्मेदारियां देकर संगठनात्मक विस्तार का प्रयास किया गया है। इसके बावजूद अनुसूचित जनजाति वर्ग की अनुपस्थिति सबसे बड़ा सवाल बनकर सामने आई है। शिवपुरी जिले में सहरिया आदिवासी समुदाय की उल्लेखनीय आबादी है। ऐसे में महिला मोर्चा की जिला टीम में इस समुदाय सहित एसटी वर्ग की किसी भी महिला को जगह नहीं मिलने से प्रतिनिधित्व के संतुलन पर सवाल उठ रहे हैं।

राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से जिले में विभिन्न सामाजिक वर्गों की भागीदारी महत्वपूर्ण मानी जाती है। नई टीम में ओबीसी और एससी वर्ग को मिली जगह के आंकड़े स्पष्ट हैं, लेकिन आदिवासी महिलाओं की अनुपस्थिति संगठन के सामने प्रतिनिधित्व बढ़ाने की चुनौती को भी उजागर करती है। अब देखना होगा कि आने वाले समय में महिला मोर्चा संगठन की गतिविधियों और अन्य जिम्मेदारियों में एसटी वर्ग की महिलाओं को किस तरह भागीदारी देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed