November 19, 2026

50 रुपए में बाइक और 150 में कार की धुलाई पर लग सकती है सख्ती, नर्मदा के पानी से गाड़ियां धोने वालों पर होगी कार्रवाई

0
untitled-1794985353

इंदौर । इंदौर में आने वाली गर्मियों से पहले जल संकट से निपटने और पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने तैयारी तेज कर दी है। अब शहर के वॉशिंग सेंटर भी निगम के निशाने पर आ गए हैं। इन सेंटरों पर रोज बड़ी संख्या में बाइक और कारों की धुलाई होती है जिसमें हजारों लीटर पानी खर्च होने की आशंका है। खास बात यह है कि कहीं इस्तेमाल किए गए पानी को दोबारा काम में लिया जाता है तो कहीं गाड़ियों की धुलाई के बाद पानी सीधे सीवरेज लाइन में बहा दिया जाता है। अब नगर निगम इन सेंटरों के लिए नियम बनाने की तैयारी कर रहा है। नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर चालान के साथ सेंटर सील करने तक की कार्रवाई की जाएगी।

पानी बचाने को लेकर प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी लगातार चिंता जता चुके हैं। उन्होंने 14 अक्टूबर को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पानी का महत्व बताते हुए आने वाली गर्मियों में जल संकट की आशंका जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि संभावित संकट से निपटने के लिए अभी से तैयारी करना जरूरी है। इसके बाद 21 अक्टूबर को उन्होंने एक और पोस्ट के जरिए लोगों से पानी बचाने की अपील की थी। साथ ही आरओ से निकलने वाले वेस्ट पानी का दोबारा इस्तेमाल करने की सलाह दी थी। अब इसी दिशा में नगर निगम वॉशिंग सेंटरों पर भी पानी के इस्तेमाल को लेकर सख्ती करने की तैयारी कर रहा है।

शहर के लगभग हर इलाके में बाइक और कार धोने के लिए वॉशिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। इन सेंटरों पर रोज बड़ी संख्या में वाहन पहुंचते हैं। सेंटरों पर काम करने वाले कर्मचारियों के मुताबिक एक बाइक धोने में करीब दो बड़ी बाल्टी पानी खर्च होता है। वहीं एक कार की धुलाई में पांच से दस बाल्टी तक पानी इस्तेमाल किया जाता है। शहर में रोज कितने वाहन इन सेंटरों पर धुलाई के लिए पहुंचते हैं इसका आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल उपलब्ध नहीं है। लेकिन वाहनों की संख्या और पानी की खपत को देखते हुए यह साफ है कि इन सेंटरों पर बड़ी मात्रा में पानी खर्च हो रहा है।

वॉशिंग सेंटरों पर पानी के इस्तेमाल और उसके निस्तारण का तरीका भी एक जैसा नहीं है। कुछ सेंटरों में इस्तेमाल किए गए पानी को साफ करके दोबारा उपयोग में लिया जाता है। वहीं कई सेंटरों पर धुलाई के बाद गंदा पानी सीधे सीवरेज लाइन में बहा दिया जाता है। इसके अलावा यह भी स्पष्ट नहीं है कि किस सेंटर पर बोरिंग का पानी इस्तेमाल हो रहा है और कहां अन्य स्रोतों से पानी लिया जा रहा है। ऐसे में नगर निगम अब सभी सेंटरों का सर्वे कराकर उनकी व्यवस्था की जानकारी जुटा रहा है।

जलकार्य प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा के मुताबिक वॉशिंग सेंटर संचालकों को नर्मदा का पानी इस्तेमाल नहीं करने और वाहनों की धुलाई के लिए केवल ट्रीटेड पानी का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में अधिकारियों के साथ चर्चा की जा चुकी है और नई पॉलिसी तैयार की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तीन चरणों में कार्रवाई होगी। पहली बार नियम तोड़ने पर मामूली चालान किया जाएगा। दूसरी बार उल्लंघन मिलने पर अधिक राशि का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके बावजूद तीसरी बार नियम तोड़ने पर वॉशिंग सेंटर को सील किया जा सकता है।

वॉशिंग सेंटरों पर धुलाई की कीमत भी अलग-अलग है। सामान्य तौर पर बाइक धोने और साफ करने के करीब 50 रुपए लिए जाते हैं। कार की बाहरी धुलाई का शुल्क लगभग 150 रुपए है जबकि कार की अंदर और बाहर दोनों तरफ से सफाई कराने पर 400 रुपए से अधिक खर्च करने पड़ते हैं। यानी कम कीमत में मिलने वाली वाहन धुलाई के पीछे पानी की बड़ी खपत भी जुड़ी हुई है।

जलकार्य प्रभारी के मुताबिक इंदौर में विभिन्न स्रोतों से रोज 450 एमएलडी से ज्यादा पानी की सप्लाई की जाती है। वर्ष 2013 की तुलना में शहर का विस्तार काफी बढ़ गया है और आबादी करीब 20 लाख से बढ़कर 40 लाख के आसपास पहुंच गई है। शहर के कई हिस्सों में अब भी नर्मदा के पानी की सप्लाई नहीं होती। ऐसे में जलस्रोतों को बचाना और पानी की बर्बादी रोकना बड़ी चुनौती बन गया है। नगर निगम की नई योजना लागू होने के बाद वॉशिंग सेंटरों पर पानी के इस्तेमाल की निगरानी बढ़ने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि नई पॉलिसी कब लागू होती है और इसका पालन किस तरह सुनिश्चित किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed