November 20, 2026

कूनो की वन अनुमति ने रोका हाईवे का रास्ता, 38 किमी निर्माण अटका और 15 किमी बदहाल सड़क से रोज जूझ रहे राहगीर

0
untitled-1795162370

शिवपुरी । श्योपुर को शिवपुरी से सीधे जोड़ने वाले स्टेट हाईवे का निर्माण लंबे समय से देरी का सामना कर रहा है। सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। खासकर सिरसौद से शिवपुरी शहर तक करीब 15 किलोमीटर का सफर लोगों के लिए किसी मुसीबत से कम नहीं है। सड़क कई जगह उखड़ी हुई है और निर्माणाधीन हिस्से में गड्ढों तथा बिखरी गिट्टी के कारण वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ रहा है। वहीं कूनो नेशनल पार्क से होकर गुजरने वाले 38 किलोमीटर हिस्से में अब तक वन विभाग की अनुमति नहीं मिलने से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।

जानकारी के मुताबिक श्योपुर के गोरस से शिवपुरी शहर के पोहरी बायपास चौराहे तक करीब 85 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे का निर्माण 239 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। इस काम का ठेका ग्वालियर की तोमर बिल्डर्स कंपनी को दिया गया है। कंपनी को जुलाई 2025 में वर्क ऑर्डर जारी हुआ था। लेकिन कूनो नेशनल पार्क की सीमा से गुजरने वाले 38 किलोमीटर हिस्से में सड़क निर्माण के लिए वन विभाग की मंजूरी नहीं मिलने से परियोजना शुरुआत से ही प्रभावित रही है। इसके चलते सड़क विकास निगम ने फिलहाल पार्क क्षेत्र से बाहर के हिस्से में काम आगे बढ़ाने पर ध्यान दिया।

पार्क क्षेत्र से बाहर पोहरी से शिवपुरी के बीच सड़क निर्माण का काम वर्ष 2026 में शुरू कराया गया। बरसात शुरू होने से पहले पोहरी से सिरसौद गांव तक डामरीकरण कर दिया गया था। इसके बाद बारिश के कारण काम की रफ्तार प्रभावित हुई। बरसात खत्म हुए भी दो से ढाई महीने बीत चुके हैं लेकिन सिरसौद से शिवपुरी की तरफ सड़क निर्माण की गति अपेक्षा के मुताबिक नहीं बढ़ पाई। कुछ हिस्सों में मामूली डामर बिछाया गया है जबकि कई जगह अभी गिट्टी डालने का काम चल रहा है।

इसका सीधा असर रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों पर पड़ रहा है। बाइक और स्कूटी से सफर करने वाले ग्रामीणों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। सड़क पर उड़ती धूल और मिट्टी से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का खतरा बना हुआ है। वहीं गड्ढों और बिखरी गिट्टी के कारण दोपहिया वाहनों के फिसलने का डर रहता है। लगातार खराब सड़क पर चलने से वाहनों के टायर और अन्य पुर्जों को भी नुकसान पहुंच रहा है। बस और टैक्सी संचालकों के लिए भी यह मार्ग परेशानी का कारण बन गया है। ट्रैवल्स एजेंसियां श्योपुर और पोहरी की ओर वाहन भेजने से पहले सड़क की स्थिति को लेकर विचार कर रही हैं।

निर्माण एजेंसी के मैनेजर संतोष सिन्हा के मुताबिक सिरसौद से आगे डामरीकरण का काम बढ़ाया जा रहा है और फिलहाल गिट्टी डालने का काम चल रहा है। उनका कहना है कि सिरसौद से शिवपुरी तक करीब दो महीने में डामरीकरण पूरा कर लिया जाएगा। वहीं एमपीआरडीसी के एजीएम रमाकांत शर्मा ने बताया कि कूनो नेशनल पार्क की सीमा में आने वाले 38 किलोमीटर हिस्से के लिए वन विभाग की मंजूरी अभी जारी नहीं हुई है। शेष 47 किलोमीटर हिस्सा पार्क के बाहर है और इसमें से 18 किलोमीटर पर डामरीकरण किया जा चुका है। शिवपुरी शहर से सिरसौद के बीच भी जल्द डामरीकरण शुरू कराने की तैयारी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि वन अनुमति के इंतजार में अटके 38 किलोमीटर हिस्से का काम कब शुरू होगा और सिरसौद से शिवपुरी तक बदहाल सड़क से लोगों को कब राहत मिलेगी। फिलहाल निर्माण एजेंसी ने दो महीने में डामरीकरण पूरा करने का भरोसा दिया है। लेकिन स्थानीय वाहन चालकों को इस मार्ग पर सुरक्षित और सुगम सफर के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed