November 24, 2026

पूजा बेदी की बिकिनी 1500 रुपये में हुई थी नीलाम, खरीदने वाला फैन बाद में अभिनेत्री के घर तक पहुंच गया

0
7-1795504883
नई दिल्ली ।बॉलीवुड की दुनिया में सितारों के प्रशंसकों की दीवानगी के कई किस्से सामने आते रहे हैं। कुछ प्रशंसक अपने पसंदीदा कलाकारों के प्रति प्यार जताने के लिए खास तरीके अपनाते हैं, लेकिन कभी-कभी यह जुनून कलाकारों के लिए परेशानी का कारण भी बन जाता है। अभिनेत्री पूजा बेदी से जुड़ा ऐसा ही एक पुराना किस्सा काफी दिलचस्प है। साल 1993 में उनकी एक बिकिनी की नीलामी हुई थी। इसे एक व्यक्ति ने 1500 रुपये में खरीदा था। हालांकि, इस नीलामी के बाद उस व्यक्ति ने जो किया, उससे पूजा बेदी काफी असहज हो गई थीं।

पूजा बेदी ने एक टेलीविजन कार्यक्रम में इस घटना का जिक्र करते हुए बताया था कि बिकिनी खरीदने वाला शख्स बाद में उनका पीछा करने और उनसे संपर्क करने की लगातार कोशिश करता रहा। उसकी हरकतें इतनी बढ़ गई थीं कि वह अभिनेत्री को बार-बार फोन करने के साथ खून से लिखे खत तक भेजने लगा था। एक दिन तो वह नीलामी में खरीदी गई बिकिनी लेकर सीधे उनके घर पहुंच गया था।

मई 1993 में हुई थी बिकिनी की नीलामी

यह पूरा मामला उस समय का है, जब पूजा बेदी फिल्म ‘लुटेरे’ में नजर आई थीं। साल 1993 में रिलीज हुई इस फिल्म में उन्होंने बिकिनी पहनी थी। बाद में उनकी इसी बिकिनी को मुंबई में आयोजित एक विशेष नीलामी कार्यक्रम में शामिल किया गया। मई 1993 में मुंबई के क्रॉसवर्ड में ‘फॉरएवर यॉर्स’ नाम से यह आयोजन हुआ था। इसमें फिल्मी सितारों के पहने हुए कपड़ों और उनसे जुड़ी दूसरी वस्तुओं की नीलामी की गई थी।

इस कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री अर्चना पूरन सिंह ने किया था। नीलामी के दौरान पूजा बेदी की बिकिनी के लिए एक व्यक्ति ने 1500 रुपये की बोली लगाई और उसे खरीद लिया। शुरुआत में यह एक सामान्य नीलामी की तरह ही था, लेकिन बाद में इस खरीदारी से जुड़ा घटनाक्रम अभिनेत्री के लिए परेशानी का कारण बन गया।

पसंदीदा परफ्यूम के नाम पर रख लिया था अपना नाम

पूजा बेदी के मुताबिक, बिकिनी खरीदने वाला व्यक्ति उनके प्रति जरूरत से ज्यादा आकर्षित हो गया था। वह लंबे समय तक अभिनेत्री को परेशान करता रहा। उसने अपना नाम पूजा बेदी के पसंदीदा परफ्यूम ‘अनाइस-अनाइस’ के नाम पर रख लिया था। वह कई बार उन्हें फोन करता था और अपने संदेशों के जरिए संपर्क बनाए रखने की कोशिश करता था।

उसकी एक और हरकत ने पूजा बेदी को हैरान कर दिया था। वह व्यक्ति उन्हें खून से लिखे हुए खत भेजता था। इस तरह के लगातार संपर्क और अजीब व्यवहार के कारण अभिनेत्री परेशान रहने लगी थीं। मामला केवल फोन करने या खत भेजने तक सीमित नहीं रहा।

बिकिनी लेकर अभिनेत्री के घर पहुंच गया था शख्स

पूजा बेदी ने बताया था कि एक दिन वह व्यक्ति नीलामी में खरीदी गई उनकी बिकिनी लेकर उनके घर पहुंच गया। उसके इस कदम से अभिनेत्री हैरान रह गई थीं। हालांकि, उन्होंने उसे घर में बैठाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन उसकी गतिविधियों से वह पहले ही काफी परेशान हो चुकी थीं।

अभिनेत्री के अनुसार, यह सिलसिला उनकी शादी होने तक जारी रहा। पूजा बेदी ने 6 मई 1994 को फरहान फर्नीचरवाला से शादी की थी। दोनों ने शादी से पहले करीब साढ़े तीन साल तक एक-दूसरे को डेट किया था। इस विवाह से उनके दो बच्चे हुए, जिनके नाम अलाया फर्नीचरवाला और ओमर फर्नीचरवाला हैं। हालांकि, करीब 12 साल बाद दोनों अलग हो गए।

फिल्मों में भी सक्रिय रही हैं पूजा बेदी

पूजा बेदी की पेशेवर जिंदगी की बात करें तो वह फिल्मों और मनोरंजन जगत से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। उनकी फिल्मों में ‘कॉमेडी कपल’ भी शामिल है। इस फिल्म में उन्होंने मां की भूमिका निभाई थी। इसकी कहानी गुरुग्राम में साथ रहने वाले एक जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों के रिश्ते में उस समय मुश्किलें आने लगती हैं, जब एक झूठ सामने आता है। यह फिल्म जी5 पर स्ट्रीम हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed