स्कूल जाते वक्त रास्ता रोकता और गले में हाथ डालता था युवक, छात्रा ने पढ़ाई छोड़ी; अब बहनों की हत्या की धमकी देने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह एक निजी स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा है। उसे रोजाना स्कूल छोड़ने और वापस लाने के लिए उसकी दादी साथ जाती थीं। लेकिन जिस दिन किसी वजह से दादी उसके साथ नहीं जा पाती थीं उस दिन लधेड़ी में रहने वाला प्रिंस मांझी पुत्र प्रभुदयाल बाथम उसका रास्ता रोक लेता था। आरोप है कि युवक उसके साथ अश्लील बातें करता था और सरेराह उसके गले में हाथ डालकर गलत तरीके से छूने की कोशिश करता था। वह छात्रा पर अपने साथ भाग चलने का दबाव भी बनाता था। जून 2026 से लगातार हो रही इन हरकतों के कारण छात्रा के मन में डर बैठ गया और उसने स्कूल जाना बंद कर दिया।
परिवार के मुताबिक आरोपी की धमकियां यहीं तक सीमित नहीं रहीं। 13 नवंबर की शाम उसने छात्रा के घर में किराए से रहने वाले परिवार की 12 साल की बेटी के हाथ एक की-पैड मोबाइल फोन भिजवाया। मोबाइल पहुंचाने के करीब पांच मिनट बाद ही उस पर आरोपी का फोन आया। उसने छात्रा से मोबाइल अपने पास रखने और रोजाना उससे बात करने को कहा। साथ ही धमकी दी कि यदि उसने बात नहीं की तो उसकी बहनों को जान से मरवा देगा। इस धमकी से छात्रा बुरी तरह घबरा गई। उसने तुरंत मोबाइल फोन और सिम तोड़ दिए। इसके बाद उसने अपने परिजनों को आरोपी की पूरी करतूत बताई।
पीड़िता की बहनों को भी आरोपी की ओर से परेशान किए जाने का आरोप है। परिवार के अनुसार जब छात्रा की बड़ी बहनें मंदिर जा रही थीं तब रास्ते में आरोपी उनसे मिला। बहनों ने उसकी हरकतों का विरोध किया तो वह उन्हें भी धमकाने लगा। इसके बाद परिवार ने आरोपी के घरवालों से बात करने का फैसला किया। 19 नवंबर को छात्रा के पिता ने आरोपी के पिता प्रभुदयाल को फोन कर बेटे की हरकतों की शिकायत की और उसे समझाने के लिए कहा। लेकिन आरोप है कि पिता ने बेटे को समझाने के बजाय शिकायत करने वाले परिवार को ही जवाब देते हुए कहा कि वह क्या कर सकता है और परिवार को जो करना है कर ले।
लगातार मिल रही धमकियों और आरोपी की हरकतों से परेशान होकर आखिरकार 23 नवंबर को छात्रा अपने माता-पिता के साथ ग्वालियर थाने पहुंची। उसने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की जानकारी दी। ग्वालियर थाना प्रभारी प्रशांत शर्मा के मुताबिक शिकायत के आधार पर आरोपी प्रिंस मांझी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
