छत्‍तीसगढ़ की सबसे बड़ी बारूद फैक्टरी में धमाका, दस लोगों की मौत और कई लोग मलबे में दबे

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बेरला की बारूद फैक्टरी में धमाका हो गया। धमाके में 10 लोगों की मौत होना बताया जा रहा है। दर्जनभर लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शनिवार सुबह की है। बारूद फैक्टरी में ब्लास्ट की आवाज कई किलोमीटर तक सुनी गई है। इससे आस-पास के गांव के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए ।

धमाके के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। उधर, घटना के तीन घंटे के बाद भी रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची थी। रायपुर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भी मरीजों को भर्ती कराया गया है। बेमेतरा कलेक्टर ने बताया कि मौके पर एसडीएम पहुंचे हैं कुल कितने लोग घायल हुए हैं अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। कई लोग मलबे में दबे हुए हैं। उन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

कंपनी के अंदर किसी को जाने नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जहां पर ब्लास्ट हुआ है वहां पर 15 से 20 लोग काम करते हैं। कंपनी में बारूद का काम होता था। ब्लॉस्ट के बाद कर्मचारी बाहर की तरफ भागे। वहीं फैक्टरी का मलबा यानी सीमेंट के टुकड़े दूर तक गिरे हैं। कुछ लोगों के मलबा में दबे होने की आशंका है।

बेरला एसडीएम पिंकी मनहर ने बताया कि प्रशासन मौके पर मौजूद है। राहत और बचाव कार्य जारी है। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को एंबुलेंस से रायपुर भेजा गया है। इनमें एक की मौत हो गई है। छह का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू कार्य जारी है। एसडीएम ने आधिकारिक तौर पर आठ लोगों के मौत की पुष्टि की है, रेस्क्यू पूरा होने के बाद ही बता पाएंगे कुल कितने लोगों की मौत हुई है और कितने लोग घायल हुए हैं।