उत्तर में ताप से हालत खराब तो केरल में बारिश से 11 लोगों की मौत

0

नई दिल्‍ली। भारत में आजकल दोहरे मौसम की मार पड़ रही है। उत्तरी इलाकों में सूरज से बरसती आग झुलसा रही है, लू की मार है तो दक्षिण भारत के इलाकों में बारिश ने तबाही मचा रही है। उत्तर भारत में मानसून के आने में अभी देरी है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम भारत के लिए रेड अलर्ट तो केरल के कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
केरल में प्री-मानसून गतिविधियों ने तबाही मचा दी है। केरल के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है। केरल के सात जिलों के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। अंडमान निकोबार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

केरल के कैबिनेट मंत्री के. राजन के अनुसार 9 से 23 मई तक राज्य में बारिश संबंधित गतिविधियों में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें 6 लोग डूबने से, एक घर गिरने से तो दो लोग बिजली गिरने से मरे हैं। शनिवार को भारी बारिश का अलर्ट है। मछुआरों को समंदर में न उतरने के लिए चेतावनी दी गई है। लोगों से कहा गया है कि छुट्टियों के दौरान वे अपने बच्चों को तालाब या नदियों के पास ना जाने दें। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन, दमकल, पुलिस और राजस्व विभाग आपातकाल के लिए अलर्ट पर हैं। एनडीआरएफ की दो टीमों भी तैनात हैं। शुक्रवार शाम तक राज्य में आठ राहत शिविर लगाए गए हैं।

उत्तर भारत इन दिनों लू और गरमी से तप रहा है। लोग बेहाल हैं। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिन के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में तापमान शुक्रवार को उच्च स्तर पर था। वहीं, दिल्ली में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है पर गर्मी अभी भी भीषण है। राजस्‍थान के फलौदी- 49.0 डिग्री सेल्सिय, जैसलमेर- 48.3 डिग्री सेल्सियस, जोधपुर- 47.6 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर- 48.2 डिग्री सेल्सियस रहा है।

मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हरियाणा में अभी लू की स्थिति रहेगी। चार दिनों तक यहां गर्म हवा चल सकती है। विभाग ने राजस्थान और गुजरात के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पंजाब के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के लिए भी अगले चार दिनों तक हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *