दिल्ली का खान मार्केट दुनिया के 24 सबसे महंगे बाजारों में शामिल, एक साल में 14 फीसदी बढ़ा किराया
वैश्विक खुदरा बाजारों पर जारी रिपोर्ट के अनुसार, खान मार्केट में किराये की वृद्धि भारत के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में प्रीमियम दुकानों की मजबूत मांग को दर्शाती है। लगातार बढ़ती उपभोक्ता खपत, बड़े खुदरा ब्रांडों के विस्तार और महंगे उत्पादों की मांग ने इस बाजार की स्थिति को मजबूत बनाए रखा है। खान मार्केट लंबे समय से देश के प्रमुख शॉपिंग और व्यावसायिक केंद्रों में गिना जाता है।
दुनिया की सबसे महंगी रिटेल स्ट्रीट के मामले में इस बार न्यूयॉर्क के अपर फिफ्थ एवेन्यू ने पहला स्थान हासिल किया है। यहां किराया 35 प्रतिशत बढ़कर सालाना 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट पहुंच गया। वर्ष 2023 के बाद पहली बार इस बाजार ने शीर्ष स्थान हासिल किया है। इससे पहले यह तीसरे स्थान पर था।
लंदन की न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना किराये के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि इटली के मिलान स्थित विया मोंटेनापोलियोन 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट किराये के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इन आंकड़ों से पता चलता है कि दुनिया के प्रमुख शहरी बाजारों में प्रतिष्ठित खुदरा स्थानों की मांग लगातार बनी हुई है।
रिपोर्ट में वैश्विक रिटेल बाजारों के किराये में औसतन तीन प्रतिशत सालाना वृद्धि दर्ज की गई है। यह वृद्धि पिछले वर्ष के 4.3 प्रतिशत के मुकाबले कम है। सर्वे में शामिल 49 प्रतिशत खुदरा बाजारों में किराया बढ़ा, जबकि 19 प्रतिशत स्थानों पर इसमें गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 32 प्रतिशत बाजारों में किराये की दरें स्थिर रहीं।
दुनिया की शीर्ष 30 रिटेल सड़कों पर व्यावसायिक गतिविधियां भी तेज बनी हुई हैं। इन बाजारों में 8 लाख 15 हजार वर्ग फुट से अधिक जगह लीज पर दी गई। इस दौरान 153 नई लीज और नए स्टोर शुरू होने की गतिविधियां दर्ज की गईं। इनमें 80 प्रतिशत से अधिक खुदरा कारोबारी ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार इन प्रमुख बाजारों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। लीज पर दी गई कुल जगह में लगभग 90 प्रतिशत हिस्सेदारी अंतरराष्ट्रीय ब्रांडों की रही।
फैशन कंपनियां इन बाजारों में दुकानों के लिए सबसे बड़ी मांग पैदा करने वाला क्षेत्र बनी हुई हैं। कुल लीज सौदों में फैशन रिटेलर्स की हिस्सेदारी 50 प्रतिशत रही, जबकि लीज पर ली गई कुल जगह में उनका हिस्सा 57 प्रतिशत दर्ज किया गया। हालांकि, अब हेल्थ और ब्यूटी, पर्सनल गुड्स, खाद्य एवं पेय पदार्थ तथा अनुभव आधारित खुदरा कारोबार से जुड़े ब्रांड भी प्रमुख बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं।
एशिया-प्रशांत क्षेत्र में भी खुदरा बाजारों की स्थिति मजबूत हुई है। वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक के 12 महीनों में इस क्षेत्र के प्रमुख रिटेल स्थानों के किराये में 3.1 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई, जबकि एक साल पहले यह दर 2.3 प्रतिशत थी। दुनिया के अन्य क्षेत्रों की तुलना में एशिया-प्रशांत एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा, जहां किराये की वृद्धि की रफ्तार तेज हुई।
एशिया-प्रशांत की रैंकिंग में खान मार्केट 25वें स्थान पर रहा। इसके अलावा गुरुग्राम का गैलेरिया मार्केट 28वें, दिल्ली का कनॉट प्लेस 29वें और मुंबई का लिंकिंग रोड 33वें स्थान पर रहा। लिंकिंग रोड में किराये में सालाना 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो इस क्षेत्र में सबसे अधिक रही।
भारत के अन्य प्रमुख खुदरा बाजारों में मुंबई के फोर्ट, फाउंटेन और केम्प्स कॉर्नर, बेंगलुरु के विट्ठल माल्या रोड, ब्रिगेड रोड और इंदिरा नगर शामिल हैं। पुणे के जेएम रोड, एमजी रोड और एफसी रोड, कोलकाता के पार्क स्ट्रीट और गरियाहाट तथा हैदराबाद के जुबली हिल्स, बंजारा हिल्स और हिमायत नगर भी प्रमुख बाजारों में गिने गए हैं। चेन्नई के अन्ना नगर और पोंडी बाजार ने भी इस सूची में जगह बनाई है।
