42 डिग्री की झुलसाती गर्मी में सरकारी विद्यालयों की 30 छात्राएं बेहोश, अस्‍पताल में भर्ती

0

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय, मुंगेर, शेखपुरा और बांका सरकारी स्कूलों में भीषण गर्मी के कारण 30 से अधिक बच्चे बेहोश होकर गिर गए। इन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इस घटना से परिजनों में आक्रोश है। अभिभावकों का कहना है कि भीषण गर्मी में भी बच्चों को छुट्टी नहीं दी गई है। शिकायत करने पर कहा जाता है कि शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने स्कूल को बंद करने का आदेश नहीं दिया है। अभिभावकों का कहना है कि 42 से 45 डिग्री तापमान के कारण बच्चे स्कूल में ही बीमार पड़ रहे हैं।

बेगूसराय में स्कूल में पढ़ रहीं 12 से अधिक छात्राएं बेहोश हो गईं। बेहोशी के हालात में छात्रा को उसे जगह से उठाकर इलाज के लिए मटिहानी पीएचसी में भर्ती कराया जहां सभी छात्रा का इलाज चल रहा है। इधर शेखपुरा के एक स्कूल में लू के कारण कई छात्र बेहोश हो गए। सभी छात्रों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मनकौल गांव के हाई स्कूल में एक के बाद एक 13 से अधिक बच्चे बेहोश होने लगे थे। मुंगेर के धरहरा प्रखंड के तीन स्कूलों पांच छात्र बेहोश हो गए। इतना ही नहीं उच्च विद्यालय हेमराजपुर में परीक्षा के दौरान एक शिक्षक भी बेहोश हो गए। बांका जिले के शंभूगंज के मिर्जापुर पंचायत स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय में खाना बनाने के दौरान रसोइया बेहोश होकर गिर गई। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।

बिहार में गर्मी से लोग बेहाल हैं। पछुवा हवा ने पटना में दक्षिण बिहार के कई जिलों में झुलसा दिया। बिहार में पिछले 12 साल का रिकॉर्ड टूट गया। अधिकतम तापमान औरंगाबाद में 47.7 डिग्री और डेहरी में 47 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले 12 जून 2012 को औरंगाबाद का अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने बक्सर, औरंगाबाद, गया, भभुआ और रोहतास में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, एवं नवादा में गर्म रात्रि रहने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *