अरविंद केजरीवाल के आवास पर सांसद स्वाति मालीवाल से बदसलूकी, दिल्ली पुलिस को आया कॉल

0

नई दिल्‍ली । आम आदमी पार्टी (आप) की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस थाने पहुंची और बेहद गंभीर आरोप लगाए। स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर उनके साथ बदसलूकी की गई। उन्होंने केजरीवाल के पर्सनल स्टाफ पर आरोप लगाया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। हालांकि, पुलिस को लिखित में शिकायत नहीं मिली थी।

अधिकारी ने बताया कि मालीवाल ने पीसीआर कॉल भी की थी और झगड़े का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे दो कॉल आई थी। सिविल लाइंस थाने की एक टीम मुख्यमंत्री के आवास पर जांच के लिए पहुंची। फिलहाल, दिल्ली पुलिस, स्वाति मालिवाल, आम आदमी पार्टी या मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से कोई बयान नहीं जारी किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने जरूर सोशल मीडिया पर अरविंद केजरीवाल की घेराबंदी शुरू कर दी है। भाजपा नेता अमिल मालवीय ने एक्स पर लिखा, ‘आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद और दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के पीए ने उन पर हमला किया। दिल्ली सीएम के आवास से फोन किया गया। याद रखें केजरीवाल की गिरफ्तारी पर स्वाति मालीवाल चुप रहीं थीं। वास्तव में उस समय वह भारत में भी नहीं थीं और लंबे समय तक नहीं लौटीं।’

इस मामले पर सियासत शुरू हो गई है। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ऋचा पांडेय मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल के घर में राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई हिंसा और प्रताड़ना बहुत गंभीर अपराध है। दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा मांग करता है कि अगर ये अपराध हुआ है तो इस अपराध के लिए केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाना चाहिए। हम सब बहनें स्वाति मालीवाल के साथ हैं, उन्हें न्याय दिलाकर रहेंगे।

शाजिया इल्मी ने कहा कि इस पार्टी के अंदर इतनी गंदगी है कि कुछ भी संभव है। याद है कैसे पूर्व मुख्य सचिव अंशु प्रकाश जी को मारा पीटा गया था। विभव एक निहायत बदतमीज शख्स है। कपिल मिश्रा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली इकाई के प्रवक्ता तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी प्रतिक्रिया दी है।

स्वाति मालीवाल आम आदमी पार्टी की तेज तर्रार नेता हैं। उन्हें इसी साल पार्टी ने राज्यसभा भेजा है। इससे पहले वह दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर बेहद सक्रियता से काम करती रहीं। स्वाति आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रही हैं। वह अन्ना आंदोलन के दौरान से ही अरविंद केजरीवाल के करीबी लोगों में शामिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *