अमेरिका की CIA के खुफिया सिस्टम में साइबर सेंध, हैकर्स ने सार्वजनिक सूचनाओं वाले नेटवर्क को बनाया निशाना
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना ने अमेरिकी खुफिया नेटवर्क की साइबर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हैकर्स ने कौन-सी जानकारियां हासिल कीं और इस हमले के पीछे किसका हाथ है।
सार्वजनिक सूचनाओं का विश्लेषण करने वाले सिस्टम में सेंध
CIA के जिस नेटवर्क को निशाना बनाया गया, उसका इस्तेमाल ओपन-सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) के लिए किया जाता है। इस व्यवस्था के तहत इंटरनेट, सोशल मीडिया, व्यावसायिक सैटेलाइट तस्वीरों और अन्य सार्वजनिक या व्यावसायिक रूप से उपलब्ध स्रोतों से सूचनाएं जुटाई जाती हैं। इसके बाद इन जानकारियों का विश्लेषण कर दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में संभावित खतरों और गतिविधियों का आकलन किया जाता है।
खुफिया एजेंसियां इन सूचनाओं को अन्य खुफिया जानकारियों के साथ मिलाकर अपनी रणनीति और आकलन तैयार करती हैं। ऐसे में भले ही इस सिस्टम में मौजूद सामग्री को क्लासिफाइड नहीं माना जाता, लेकिन इसका खुलासा होने से अमेरिकी एजेंसियों की प्राथमिकताओं और विश्लेषण के तरीकों की जानकारी बाहर जा सकती है।
हमले के पीछे किसका हाथ, जांच जारी
अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि साइबर सेंधमारी किसने की और हैकर्स ने सिस्टम तक पहुंच कैसे बनाई। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वास्तव में कौन-सी जानकारियां प्रभावित हुई हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में भी हमले के तरीके और जिम्मेदार पक्ष की पहचान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना से जुड़ा सुरक्षा संबंधी मामला सुलझा लिया गया है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि क्लासिफाइड सिस्टम और महत्वपूर्ण खुफिया क्षमताओं पर इसका असर नहीं पड़ा।
FBI और दूसरे अमेरिकी विभाग भी साइबर घटनाओं से प्रभावित
CIA में सेंधमारी की खबर ऐसे समय आई है, जब अमेरिका की कई सरकारी एजेंसियां साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं का सामना कर रही हैं। हाल ही में FBI के नेशनल क्राइम इंफॉर्मेशन सेंटर (NCIC) डेटाबेस में भी सेंधमारी की आशंका सामने आई थी। यह डेटाबेस संघीय, राज्य और स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच अपराधियों, फरार आरोपियों, लापता लोगों और चोरी की संपत्ति से जुड़ी जानकारियां साझा करने में इस्तेमाल होता है।
इसके अलावा अमेरिकी कृषि विभाग के कुछ सिस्टम भी साइबर सुरक्षा संबंधी घटना के बाद प्रभावित हुए हैं। पेंटागन और गृह सुरक्षा विभाग से जुड़ी तकनीकी समस्याओं की खबरें भी सामने आई हैं।
हालांकि, इन सभी घटनाओं को एक ही साइबर हमले से जोड़ने का कोई प्रमाण सामने नहीं आया है। अमेरिकी एजेंसियों के सामने अब चुनौती अलग-अलग सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करने और यह पता लगाने की है कि हालिया घटनाओं में किन जानकारियों तक अनधिकृत पहुंच बनाई गई।
