November 25, 2026

हिंद महासागर की सुरक्षा पर भारत सख्त, अजीत डोभाल ने मालदीव में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ दिया बड़ा संदेश

0
21-1795599057
नई दिल्ली ।हिंद महासागर क्षेत्र में बढ़ती समुद्री चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी पर लगाम लगाने के लिए भारत ने क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने का संदेश दिया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मालदीव की राजधानी माले में आयोजित आठवें कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (CSC) की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारत हिंद महासागर की सुरक्षा और क्षेत्र में रहने वाले लोगों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने समुद्री क्षेत्र को भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि और मानवीय हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण आधार बताया।

डोभाल ने अपने संबोधन में कहा कि हिंद महासागर की सुरक्षा को लेकर क्षेत्रीय देशों के बीच सहयोग की शुरुआत एक साझा सोच के साथ हुई थी। समय के साथ इस पहल का दायरा बढ़ा है और अब संगठन के पास अपना सचिवालय तथा महासचिव भी है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य देशों के सहयोग से इस व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सकता है। भारत साझा उद्देश्य को पूरा करने के लिए अपनी पूरी क्षमता और प्रतिबद्धता के साथ योगदान देता रहेगा।

मालदीव प्रवास के दौरान डोभाल ने वहां के रक्षा एवं राष्ट्रीय सेवा मंत्री हसन रशीद से भी मुलाकात की। यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू पिछले महीने पाकिस्तान की यात्रा कर चुके हैं। ऐसे क्षेत्रीय घटनाक्रमों के बीच भारत और मालदीव के बीच सुरक्षा सहयोग तथा हिंद महासागर में स्थिरता से जुड़े मुद्दे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

बैठक में समुद्री रास्तों से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया। डोभाल ने ड्रग्स तस्करी को गंभीर सुरक्षा चुनौती बताया। हिंद महासागर और अरब सागर के समुद्री मार्गों का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क लंबे समय से करते रहे हैं। इन रास्तों से होने वाली तस्करी का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि आसपास के कई देशों की सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था भी इससे प्रभावित होती है।

समुद्री रास्तों से होने वाली हेरोइन और हशीश की तस्करी का एक प्रमुख मार्ग अरब सागर है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान से आने वाले मादक पदार्थ ईरान तथा पाकिस्तान के मकरान तट के रास्ते समुद्र में पहुंचाए जाते हैं। इसके बाद इन्हें गुजरात, महाराष्ट्र और केरल सहित भारत के पश्चिमी तट, श्रीलंका, मालदीव तथा पूर्वी अफ्रीका के देशों तक पहुंचाया जाता है।

दूसरी ओर, म्यांमार के गोल्डन ट्रायंगल क्षेत्र से निकलने वाली मेथम्फेटामाइन जैसी सिंथेटिक ड्रग्स अंडमान सागर और बंगाल की खाड़ी के रास्ते भारत, बांग्लादेश और श्रीलंका तक पहुंचती हैं। तस्कर अक्सर मछुआरों जैसी दिखने वाली नावों का इस्तेमाल करते हैं और समुद्र में मछली पकड़ने वाली अन्य नौकाओं के बीच अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते हैं।

बड़ी खेपों को व्यापारिक सामान के बीच छिपाकर भी भेजा जाता है। नमक, फल, मसाले और रसायनों के कंटेनरों में हेरोइन तथा कोकीन छिपाकर बंदरगाहों तक पहुंचाई जाती है। संयुक्त राष्ट्र की मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में होने वाली कुल ड्रग्स तस्करी का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा समुद्री मार्गों से गुजरता है।

भारत में भारतीय नौसेना, तटरक्षक बल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और राजस्व खुफिया निदेशालय ने पिछले वर्षों में समुद्री रास्तों से आने वाली बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए हैं। सितंबर में गुजरात एटीएस और तटरक्षक बल ने लक्षद्वीप के पास अरब सागर में एक ईरानी नाव से 526 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन और मेथम्फेटामाइन बरामद की थी। इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।

कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव के माध्यम से भारत समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी कार्रवाई और अंतरराष्ट्रीय अपराधों पर नियंत्रण के लिए क्षेत्रीय देशों के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इस बैठक में ड्रग्स तस्करी का मुद्दा उठना आने वाले समय में समुद्री निगरानी और संयुक्त सुरक्षा प्रयासों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed